बारिश से ढहा कच्चा मकान, 10 वर्षीय बालक की मौत

जयपुर। बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के मलकीसर छोटा गांव में शनिवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के चलते कच्चे मकान की छत ढह गई, जिसमें दबकर 10 साल के मासूम की मौत हो गई। हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, गांव के चक 17 एमकेडी निवासी धर्मपाल के मकान की लकड़ी व घासफूस से बनी छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय धर्मपाल की पत्नी ममता और बेटा शौर्य कमरे में सो रहे थे। छत गिरने से शौर्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में मां ममता के पैर में चोटें आई हैं।

बताते चलें की घटना के समय पिता धर्मपाल बारिश का पानी रोकने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वह बच गए। लेकिन पत्नी और बेटा मलबे की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना पर उपखंड अधिकारी दयानंद रूयल और प्रधान कानाराम गोदारा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

Related Articles

Back to top button