- योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला वर्ग में लखनऊ की मधु की भी दोहरी खिताबी सफलता
लखनऊ। वेटरन खिलाड़ी लखनऊ के अरुण कक्कड़ ने अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में बेहतरीन कोर्ट कवरेज की बदौलत दोहरे खिताब अपने नाम कर लिए। अरुण कक्कड़ ने पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक में खिताबी जीत के साथ पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक की ट्रॉफी गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव को हराते हुए जीत ली।
दूसरी ओर लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए महिला एकल 45 वर्ष से अधिक का खिताब अपने नाम किया। महिला एकल 50 वर्ष से अधिक में लखनऊ की सुषमा सिंह विजेता रही।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशसन के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में इस चैंपियनशिप का आयोजन बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में किया जा रहा है।
चैंपियनशिप के तीसरे दिन पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ के अरुण कक्कड़ ने पिछड़ने के बाद बेहतरीन खेल दिखाकर वापसी करते हुए बरेली के अनिल मेहरोत्रा को 15-21, 21-11, 21-7 से हराकर चैंपियन होने का गौरव हासिल किया। पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ के अरुण कक्कड़ व गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव ने अनिल कुमार भटनागर व पंकज गुप्ता (नोएडा/कानपुर) को 21-10, 21-16 से हराकर खिताब जीता।
महिला एकल 45 वर्ष से अधिक में शीर्ष वरीय लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 8-21, 21-13, 21-17 से हराकर खिताब जीता। मधु एक दिन पूर्व युगल खिताब जीत चुकी हैं। महिला एकल 50 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ की सुषमा ने उलटफेर करते हुए शीर्ष वरीय गाजियाबाद की सुनीता यादव को 21-4, 21-6 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
मिश्रित युगल 60 वर्ष से अधिक के फाइनल में महेंद्र सिंह व रेखा सिंह (लखनऊ/गाजियाबाद) ने मृदुल बत्रा व ममता रानी यादव (बरेली/नोएडा) को 21-12, 21-13 से हराया। पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के फाइनल में दूसरी वरीय कानपुर के पवन गुप्ता ने शीर्ष वरीय जौनपुर के धर्मेद्र शर्मा को 21-18, 21-8 से हराया।
पुरुष एकल 75 वर्ष से अधिक के फाइनल में वाराणसी के योगेंद्र कुमार जायसवाल ने लखनऊ के जगदीश सिंह कुशवाहा को 21-6, 21-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में रविंद्र सिंह व कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) की जोड़ी चैंपियन बनीं जिन्होंने दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह व मधु ज्ञानचंदानी की जोड़ी को 21-18, 21-11 से हराकर उलटफेर के साथ खिताब अपने नाम किया। चैंपियनशिप में चौथे व अंतिम दिन रविवार को भी कई मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।

