रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) आलोक का दिल्ली स्थित आवास पर रविवार देर रात निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। राजस्थान कैडर के 1993 बैच के अधिकारी राजस्थान प्रशासन में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने बूंदी, सवाई माधोपुर, बीकानेर, कोटा और उदयपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर के रूप में भी काम किया था।
ऊर्जा और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में विशेषज्ञ माने जाने के साथ देशभर में उनकी पहचान एक दूरदर्शी और कुशल प्रशासक के रूप में थी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा की वे एक काबिल और समर्पित अधिकारी थे। ऊर्जा क्षेत्र में उनका योगदान राज्य के लिए अमूल्य रहा है। परमपिता श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में शोक जताते हुए लिखा की सीनियर आई.ए.एस आलोक का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। उनकी पहचान एक काबिल अधिकारी की रही हैं। उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं। आई.ए.एस आलोक के निधन पर ब्यूरोक्रेसी के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक संवेदनाएं प्रकट की है।