मनरेगा श्रमिकों के लिए कार्य समय में परिवर्तन, सुबह 5.30 से दोपहर 12.30 तक होगा कार्य

जयपुर। राजस्थान में बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों के लिए कार्य समय में परिवर्तन किया गया है। यह निर्णय ईजीएस जयपुर के आयुक्त के निर्देशानुसार लिया गया है।

अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जोधपुर जिले में मनरेगा के कार्य अब सुबह 5.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कराए जाएंगे। इस अवधि में विश्राम काल (ब्रेक) नहीं रखा जाएगा, ताकि श्रमिक अत्यधिक गर्मी से पूर्व अपना कार्य संपन्न कर सकें। यह नई समय-सारणी आगामी 15 जुलाई तक प्रभावी रहेगी।

डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि यदि किसी श्रमिक समूह द्वारा पूर्व निर्धारित कार्य (टास्क) समय से पहले पूर्ण कर लिया जाता है, तो वे मैट के पास मस्टररोल में अंकित टास्क प्रपत्र में कार्य की माप दर्ज करवाकर, समूह प्रमुख के हस्ताक्षर के पश्चात अनुमति प्राप्त कर कार्यस्थल को 11 बजे के बाद छोड़ सकते हैं। इस संबंध में समस्त विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान कर दिए गए हैं, जिससे नई समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button