Friday, February 27, 2026
More

    ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन

    जयपुर। रामगढ़ से पूर्व विधायक और भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा द्वारा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को जोधपुर, उदयपुर, पाली, हनुमानगढ़, टोंक, सीकर और जैसलमेर समेत प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। अलवर में अंबेडकर सर्किल पर हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आहूजा का पुतला फूंका और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

    प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा द्वारा की गई टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए कहा कि भाजपा ने अब तक आहूजा पर कोई कार्रवाई नहीं की है, जो चिंताजनक है। उन्होंने आहूजा से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार की टिप्पणी एक जिम्मेदार नेता को शोभा नहीं देती। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव दीनबंधु शर्मा, विधायक मांगीलाल मीणा, रामगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन जुबेर खान, राकेश बैरवा, विश्राम गुर्जर, योगेश मेहता, संजीव बारेठ, राजेश कृष्ण सिद्ध, पार्षद प्रीतम सिंह मेहंदीरत्ता समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    बता दें की भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा ने एक बयान में कथित तौर पर कहा था कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के मंदिर में प्रवेश से मंदिर ‘अपवित्र’ हो गया। उनके इस बयान के बाद तीखी आलोचना शुरू हो गई। बाद में आहूजा ने सफाई दी कि उन्होंने किसी नाम विशेष का उल्लेख नहीं किया, बल्कि सामान्य रूप से ‘कांग्रेसी नेताओं’ की बात की थी।

    इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ज्ञानदेव आहूजा की टिप्पणी को उनकी व्यक्तिगत राय बताते हुए कहा कि इसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी आहूजा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाला है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular