मुक्केबाज़ी : ओलंपिक पदक विजेता को चौंका प्री-क्वार्टर में पहुंचे दीपक

ताशकंद । भारतीय मुक्केबाज दीपक (51 किग्रा) ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले और 2021 में आयोजित विश्व चैंपियनशिप के चैंपियन सकेन बिबोसिनोव को चौंकाते हुए आईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है जबकि एक अन्य भारतीय मुक्केबाज हुसामुद्दीन (57 किग्रा) ने भी एक जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

दूसरे राउंड के बाद, अंतिम राउंड में शानदार वापसी करने से पहले दीपक पीछे चल रहे थे। उन्होंने हालांकि गति पकड़ी और पूरे बाउट में तेजी से आगे बढ़ते रहे। इस दौरान दीपक ने अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कुछ जोरदार मुक्कों का उपयोग किया। दीपक ने कज़ाख मुक्केबाज़ के मुक्कों से लगातार बचते हुए बाउट के रिव्यू में जाने के बाद जजों को प्रभावित किया और 5-2 से मुकाबला जीतने में सफल रहे।दीपक अपने अगले बाउट में चीन के झांग जियामाओ से भिड़ेंगे।

पढ़ें : भारतीय मुक्केबाज आकाश व निशांत प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

दूसरी ओर, प्री-क्वार्टर में हुसामुद्दीन का सामना रूस के सैविन एडुअर्ड से हुआ। भारतीय मुक्केबाज ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और कभी भी अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।हुसामुद्दीन दूसरे राउंड में भी अपने रूसी प्रतिद्वंद्वी से तेज साबित हुए। तीसरे राउंड में, उन्होंने 5-0 के अंतर से एकतरफा जीत दर्ज करने से पहले बड़ी चालाकी से जवाबी हमला किया।

हुसामुद्दीन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में दूसरी वरीयता प्राप्त उम्मीद रुस्तमोव (अजरबैजान) से भिड़ेंगे।मुक्केबाज सुमित (75 किग्रा) और नरेंद्र (92+ किग्रा) आज रात एक्शन में दिखाई देंगे। सुमित अपने अभियान की शुरुआत अंतिम-32 दौर के बाउट में रूस के पावेल सोसुलिन के खिलाफ करेंगे जबकि नरेंद्र अंतिम-16 दौर के मुकाबले में क्यूबा के अर्ज़ोला लोपेज़ के खिलाफ उतरेंगे।

Related Articles

Back to top button