जयपुर। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम बताया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओ की मेहनत का नतीजा है। दिल्ली की जनता ने झूठे वादे करने और आश्वासन देने वालो को कड़ा जवाब दिया है।
यह भी पढ़े- राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की भूमिका आयुर्वेदिक शिक्षा,अनुसंधान और रोगोपचार व रोगी देखभाल गतिविधियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण-आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता के विवेक, साहस और संकल्प की जीत है। लंबे समय से दिल्ली की जनता एक ईमानदार और विकासोन्मुख सरकार की प्रतीक्षा कर रही थी, और आखिरकार उन्होंने भाजपा को सत्ता सौंपकर उस इंतजार को समाप्त किया।
उन्होंने कहा कि यह जीत उस महाठग कंपनी से आजादी की जीत है जिसने बरसों तक दिल्ली की जनता को छलने का काम किया। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की सरकार ने केवल वादे किए, लेकिन उनके शासन में दिल्लीवासी भ्रष्टाचार, घोटालों और असफलताओं के जाल में फंसते चले गए। जनता ने अपने विवेक से उस ठग व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंका है, और अब दिल्ली एक नई दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल नारों और भाषणों के बल पर नहीं, बल्कि अपने कामों और नीतियों से जनता का दिल जीता है।
यह भी पढ़े-होम लोन एवं सोलर एक्सपो 2025 का आगाज-उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने किया उद्घाटन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता की मेहनत की कमाई को अपना महल बनाने में लगा दिया। अब जबकि सरकार बदल चुकी है, जनता के पैसे का हिसाब होगा और शीश महल का भविष्य तय किया जाएगा। यह संभव है कि इसे या तो जनता के हितकारी कार्यों में उपयोग किया जाए या इसे ध्वस्त कर दिया जाए। भ्रष्टाचारियों के लिए जेल ही एकमात्र जगह होगी और उन्हें जनता के पैसों का पूरा हिसाब देना होगा।
यह भी पढ़े-फोन टेपिंग के आरोप गंभीर, मुख्यमंत्री दें स्पष्टीकरण – गोविन्द सिंह डोटासरा
मदन राठौड़ ने यह भी जोर दिया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने लंबे समय तक झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया। इडी और सीबीआई के जांच को राजनीतिक षड्यंत्र बताकर अपनी करतूतों को छिपाने की कोशिश की गई। लेकिन न्यायालय की कड़ी फटकार के बाद भी इन नेताओं के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
यह भी पढ़े-सैराज बहुतुले फिर बने राजस्थान रॉयल्स के स्पिन कोच
प्रदेशाध्यक्ष ने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा हर संभव प्रयास करेगी कि दिल्ली के लोग सुरक्षित, खुशहाल और समृद्ध जीवन व्यतीत करें। अब दिल्ली की जनता को भ्रष्टाचारियों से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा की सरकार उनके हर कदम पर नकेल कसेगी और उन्हें न्याय के कटघरे में खड़ा करेगी। यह जीत केवल एक राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास की जीत है।