जयपुर। राजस्थान के टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुरानी बनास पुलिया के पास बनास नदी में नहाने पहुंचे आठ युवकों की मंगलवार को डूबने से मौत हो गई।
घटना मंगलवार दोपहर लगभग 1.30 बजे की है, जब 11 युवकों का एक समूह नदी में नहाने गया था। इनमे से 8 युवकों की डूबने से मौत हो गई और तीन को बचा लिया गया। मरने वालों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
पिकनिक मानाने के लिए
टोंक पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया की जयपुर के घाटगेट व हसनपुरा से कुछ लोग पिकनिक मानाने के लिए वहां आये हुए थे जिनमे से कुछ लोग नदी में नहाने के लिए नीचे उतर गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए बाकी दोस्त भी नदी में कूद पड़े। कुल 11 युवक नदी में डूबे थे, जिनमे से 8 की मौत हो गई है।
उन्होंने बताया की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 3 युवकों को बचा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया की सभी शवों को टोंक के सआदत अस्पताल में रखवाया गया है, जहां भारी भीड़ जमा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
त्वरित रूप से रेस्क्यू एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश
राजयपाल हरिभाऊ बागड़े ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया सन्देश के माध्यम से दुःख व्यक्त करते हुए लिखा की बनास नदी में डूबने से हुई मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
उन्होंने आगे लिखा की घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारीयों को त्वरित रूप से रेस्क्यू एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिवारजन के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी इस हादसे के शिकार लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इधर घटना की जानकारी मिलते ही जयपुर कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी टोंक के लिए रवाना हो गए।