जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जलजीवन मिशन घोटाले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री महेश जोशी पर निशाना साधा है।
उन्होंने शनिवार काे जोधपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि किसी भी सरकार में मुखिया जिम्मेदार होता है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन पर टिप्पणी करते हुए संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि इतना बड़ा घोटाला उनके मुख्यमंत्री रहते उनके विभाग में हुआ, इसलिए गहलोत भी जिम्मेदार हैं।
यह भी पढ़े – राजस्थान कांग्रेस को खड़गे का अल्टीमेटम, 30 जून तक सभी संगठनात्मक नियुक्तियां पूरी करने की डेडलाइन तय
उन्होंने पूर्व मंत्री महेश जोशी पर आरोप लगते हुए कहा कि राजस्थान सरकार के इतिहास में अपने ही विभाग में घोटाले के आरोप में कोई मंत्री जेल गया है तो वह महेश जोशी है। इतना बड़ा घोटाला पेयजल के संबंध में आज दिन तक कहीं नहीं हुआ। इसलिए इसकी पूरी परतें खुलनी चाहिए। वे 55 करोड़ का टेंडर से पहले घोटाला करना स्वीकार कर चुके है। मंत्री पटेल ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना में कई अनियमितताएं सामने आई हैं।
यह भी पढ़े-राजस्थान का सीकर जिला धार्मिक पर्यटन के साथ देश का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण कोचिंग केंद्र है
कई जगह पाइपों की लंबाई बढ़ी हुई दिखाकर अतिरिक्त पेमेंट ली गई और कई स्थानों पर घटिया काम किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसमें कई अधिकारी जेल गए हैं और कुछ को सस्पेंड किया गया है। पेयजल किल्लत को लेकर उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा गर्मी का असर रहता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इमरजेंसी कंटीजेंसी प्लान तैयार किया गया है। इसको लेकर सभी जिला कलेक्टर को भी निर्देशित किया गया है।
यह भी पढ़े –राजस्थान आवासन मंडल प्रदेश के 10 जिलों में आवासीय योजनाएं करेगा लॉन्च
संसदीय कार्य मंत्री पटेल ने एसआई भर्ती में रालोपा प्रमुख हनुमान बेनीवाल द्वारा प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री केके विश्नोई पर लगाए आरोपों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बेनीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि विश्नोई अपना पक्ष रख चुके हैं और बिना तथ्यों के आरोप लगाना गलत है।