लखनऊ । उत्तर प्रदेश की मेजबानी में होने वाले तृतीय खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश की शुरुआत गुरुवार को बीबीडी यूनिवर्सिटी में हो गई। इन खेलों का वर्चुअल उद्घाटन गुरुवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
मोदी ने अपने संबोधन में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग ले रहे खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी और कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आयोजन से यूनिवर्सिटी में खेल के माहौल में बदलाव होगा और ये खेल उत्सव देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में खेलो इंडिया गेम्स में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियो को बधाई दी और कहा कि आज यूपी में देश की खेल प्रतिभाओ का संगम बना है। खेलो इंडिया में खेलो इंडिया में जो जितने खिलाड़ी आये है वे अलग राज्यो व अलग-अलग क्षेत्रों से आये है। मैं यूपी का सांसद हूं ओर यूपी में आने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत करता हूँ। पीएम मोदी ने कहा कि पहले खेलों में घोटाले होते थे और अब पूरे देश में खेलों को लेकर नया माहौल है।
दस दिनों तक उत्तर प्रदेश की मेजबानी में चलने वाले खेल उत्सव की आधिकारिक शुरुआत हो गई जिसमें देश भर के विभिन्न यूनिवर्सिटीज से आये 4000 से ज्यादा खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेंगे। ये सभी अपने कौशल, नीति और धैर्य (कौशल, रणनीति और धैर्य) के मंत्र और ‘गर्व से गौरव’ के मंत्र के साथ इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। इस समारोह में अनुराग ठाकुर भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
आज उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , केंद्रीय राज्य मंत्री, युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार निसिथ प्रमाणिक , डिप्टी सीएम बृजेश पाठक , कैबिनेट मंत्री राकेश सचान , एमएसमएमई उत्तर प्रदेश सरकार, दयाशंकर सिंह, परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार, गिरीश चंद्र यादव, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य मौजूद रहे।
इस उद्घाटन समारोह की शुरुआत देश के जनमानस में बसे धर्म ग्रंथ रामायण पर एक प्रतीकात्मक कहानी के चित्रण के साथ हुई। इसे समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपरा को अष्टकोण के आकार की विशाल स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया जो जमीन से 50 फुट ऊपर हवा में लटकी थी। इस नयनाभिराम प्रस्तुति को देख स्टेडियम में मौजूद सभी माननीय अतिथिगण सहित खचाखच भरे स्टेडियम में बैठे दर्शक मोहित हो गए।
इसके साथ ही गुरु शिष्य परंपरा को दर्शाती गाथा पर विशेष ध्यान दिया गया जिसका भारतीय जन-जीवन में एक महत्वपूर्ण स्थान है। भारत की इस परंपरा को दर्शाने के लिए महाभारत कालीन गुरु द्रोणाचार्य और उनके शिष्य अर्जुन की पौराणिक कहानी का सहारा लेते हुए ताना-बाना बुना गया था। यहां यह भी बताते चले कि गुरुओं द्वारा मौखिक रुप से अपने शिष्यों को उत्तराधिकार में ज्ञान देने की परंपरा है।
इस आकर्षक शो में कलाकारों ने समृद्ध संस्कृति और विरासत से नए भारत के उत्तर प्रदेश के आधुनिक विकास में परिवर्तन की कहानी दर्शायी। इस दौरान खेलों के शुभंकर जीतू द बारासिंघा पर भी सबकी निगाहें टिकी जो गर्व से गौरव का प्रतीक है। बताते चले कि बारासिंघा उत्तर प्रदेश का राज्य पशु है जो उत्तर प्रदेश की जीवंतता का प्रतीक है। जीतू ने पिछले यूनिवर्सिटी गेम्स के शुभंकरों- जय और विजय के साथ जैसे ही मैदान में कदम रखा माहौल एकदम रोमांचकारी हो गया और सभी ने शुभंकर व मशाल का करतल ध्वनि से स्वागत किया।
इस दौरान भारत में एथलीट आइकान ओलंपियन एथलीट पद्मश्री सुधा सिंह, हॉकी ओलंपियन दानिश मुज्तबा, राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता जूडोका विजय यादव और भारतीय हॉकी खिलाड़ी प्रीति दुबे ने इन खेलों की मशाल को रोशन किया। इस अवसर पर खेलों के दौरान स्थिरता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया और सबने जीवन मिशन शपथ” के साथ इसे सुनिश्चित करने की शपथ ली।
इस दौरान खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 उत्तर प्रदेश के अधिकृत एंथम “खेलो इंडिया – हर दिल में देश” को सुप्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर ने गाकर अपने सुरो से लोगों में जोश भर दिया। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने दस दिवसीय इस आयोजन में खेल भावना के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए संकल्प भी लिया। वहीं स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ी कैलाश खेर के सुरों पर जमकर झूमे।
इस दौरान भारत माता की जय और वंदेमातरम के जय घोष से पूरा स्टेडियम गुंजायमान हो गया। इन खेलों के अधिकृत एंथम “खेलो इंडिया – हर दिल में देश” को प्रसिद्ध गायक पलाश सेन ने कंपोज किया है और अपने सुरों में गाया है।
इस अवसर पर खेलों की मशाल का एनसीसी कैडेट्स के साथ मेजबान विश्वविद्यालय बीबीडी विश्वविद्यालय के छात्रों ने स्वागत किया। इस मशाल रिले ने पिछले 20 दिनों में पूरे राज्य का सफर तय किया है और इस दौरान 5 लाख से अधिक लोग रिले में शामिल हुए और खेलों के प्रति चारों ओर चर्चा और उत्साह का माहौल सृजित हुआ।
वहीं खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भाग लेने वाले यूनिवर्सिटीज के खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए लखनऊ, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और गोरखपुर में आयोजन स्थलों पर भारी संख्या में आने का विश्वास है जो देश भर के बड़े नामों के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में खेल की गतिविधियां गांव-गांव तक पहुंची हैं। यूपी के हर जनपद में स्टेडियम के निर्माण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। आज माननीय प्रधान मंत्री जी मार्गदर्शन के तहत काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया हो या फिट इंडिया, खेल नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। यह खेल आयोजन “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विजन को तय करेंगे।
सीएम योगी ने इस बात पर गर्व जताया कि उत्तर प्रदेश को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी मिली है। हमारी सरकार में हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनवाया जा रहा है और हर जिले में युवा दल और महिला मंगल दल को खेल किट दे रहे हैं। हम एथलीटों को नौकरी, नकद पुरस्कार भी दे रहे हैं और राज्य और देश के लिए पदक जीतने वालों के लिए खेल कोटे में नौकरी भी दी जा रही है।
अनुराग ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का यह तीसरा संस्करण आयोजित हो रहा है और खेलो इंडिया गेम्स के लिए ये बड़ा कदम है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि खेलों को देश की बड़ी संख्या में मौजूद युवा आबादी का एक अभिन्न अंग बनाया जाये।