अहमदाबाद। गुजरात टाइटंस ने टाटा आईपीएल 2026 से पहले अपनी टीम प्रबंधन को मजबूत करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
विश्व कप विजेता रहे हेडन अपने दौर के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली सलामी बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके विशाल अनुभव और आधुनिक टी-20 बल्लेबाजी की समझ से गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। टीम प्रबंधन का मानना है कि हेडन के मार्गदर्शन से युवा बल्लेबाजों को काफी लाभ मिलेगा।
गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा कि यह नियुक्ति फ्रेंचाइजी के लिए महत्वपूर्ण समय पर हुई है। उन्होंने कहा कि टीम उत्कृष्टता और दीर्घकालिक सफलता के लक्ष्य के साथ अपने क्रिकेट ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। हेडन का अंतरराष्ट्रीय अनुभव और युवा खिलाड़ियों को निखारने की क्षमता टीम की बल्लेबाजी पहचान को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
अपनी नियुक्ति पर हेडन ने कहा कि अच्छी बल्लेबाजी विरोधी टीम पर दबाव बनाती है, जबकि शानदार बल्लेबाजी मैच पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लेती है और गुजरात टाइटंस इसी स्तर को हासिल करना चाहती है।
हेडन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 273 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और सभी प्रारूपों में 15 हजार से अधिक रन बनाए। उन्होंने कई आईसीसी टूर्नामेंट जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने Indian Premier League में 32 मैच भी खेले, जहां उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली टी-20 क्रिकेट के लिए बेहद प्रभावी मानी गई।



