
लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। सोमवार को जिम्नास्टिक और वॉलीबॉल के मुकाबलों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में फ्लोर एक्सरसाइज, वॉल्टिंग टेबल और बैलेंसिंग बीम स्पर्धाओं में नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। बालक वर्ग अंडर-06 में अव्यांस ने 5.80 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। अंडर-08 में धन्व अत्रि ने 4.00 अंक लेकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-10 में दीक्षांत त्यागी 3.20 अंक के साथ प्रथम रहे।
बालिका वर्ग में भी प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। अंडर-08 बैलेंसिंग बीम में एक प्रतिभागी ने 6.80 अंक के साथ पहला स्थान पाया और श्रेय 6.00 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। फ्लोर एक्सरसाइज में यशस्वी 3.55 अंक के साथ शीर्ष पर रहीं। अंडर-10 में हिमाद्री 6.10 अंक लेकर विजेता बनीं, जबकि अंडर-12 में रिशिल्लु ने 23.80 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-14 वर्ग में वैभांस तिवारी 7.10 अंक के साथ प्रथम रहीं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय खेल कार्यालय के प्रभारी राजेश कुमार गौड़, डॉ. अतुल सिन्हा, नेशनल जजिंग क्वालिफाइड कोच नमिता यादव और कोच विवेक सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।
बीकेटी ने केडी. सिंह बाबू स्टेडियम की टीम को हराकर जीता खिताब
वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 10 टीमों ने भाग लिया। नॉकआउट आधार पर खेले गए मुकाबलों के फाइनल में बीकेटी की टीम ने केडी. सिंह बाबू स्टेडियम की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि स्टेडियम की टीम उपविजेता रही।आरएसओ अतुल सिन्हा ने बताया कि विनय खण्ड स्टेडियम, गोमती नगर में प्रस्तावित जूनियर तलवारबाजी प्रतियोगिता अब 10 मार्च के स्थान पर 13 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।



