Wednesday, February 18, 2026
More

    ओलंपिक दिवस पर 23 जून को ज़िला स्तर पर खेल आयोजन के निर्देश

    लखनऊ । उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने प्रदेश के समस्त ज़िला ओलंपिक संघों को ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 23 जून को व्यापक खेल प्रतियोगिताओं व गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए हैं।एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पांडेय ने इस संबंध में सभी ज़िला इकाइयों को पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने अपील की है कि कि वे इस दिन को केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि खेलों की संस्कृति और ओलंपिक मूल्यों के प्रसार के अवसर के रूप में देखें।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें अधिक से अधिक खिलाड़ियों, स्कूली बच्चों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों की जनभागीदारी के साथ अधिक उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाए। डॉ. आनन्देश्वर पांडेय ने बताया कि ओलंपिक दिवस पर “साथ मिलकर चलें, सीखें, और खोजें, एक बेहतर दुनिया के लिए (MOVE, LEARN, DISCOVER TOGETHER FOR A BETTER WORLD)” की थीम के साथ आयोजन किए जाएंगे।

    उन्होंने आगे कहा कि हर साल 23 जून को मनाए जाने वाले ओलंपिक दिवस का उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं और नागरिकों को शारीरिक सक्रियता, अनुशासन और ओलंपिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करना भी है।
    उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी जिलों में विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों सहित जागरूकता रैलियां व गतिविधियां आयोजित किए जाने की योजना है। आयोजन के लिए विशेष टी-शर्ट (ओलपिंक दिवस, ओलंपिक रिंग्स और यूपी ओलंपिक संघ का लोगो सहित) एवं बैनर का उपयोग अनिवार्य रहेगा।

    उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने इस दिन को खेलों की ऊर्जा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी के प्रतीक के रूप में मनाने का आह्वान किया है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular