ईश्वरन मानसिक रूप से मज़बूत, नई चुनौती के लिए तैयार : कानिटकर

लखनऊ।  करीब ढाई महीने लंबे इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद सलामी बल्लेबाज़ अभिमन्यु ईश्वरन एक बार फिर भारत ए टीम के साथ जुड़ चुके हैं। इस बार उनका सामना ऑस्ट्रेलिया ए से होना है, जो दो चार-दिवसीय और तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज़ खेलने भारत आई है।

इंग्लैंड टूर में ईश्वरन को महज़ आठ दिन मैदान पर उतरने का मौक़ा मिला। लंबे समय तक बेंच पर बैठना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता और उनके लिए भी यह दौर भावनात्मक रूप से कठिन रहा। खुद उनके पिता आर. पी. ईश्वरन ने एक पॉडकास्ट में कहा था कि आख़िरी टेस्ट में मौका न मिलने से बेटा कुछ हद तक टूट गया था।

भारत ए के कोच ऋषिकेश कानिटकर हालांकि उनके हौसले की तारीफ़ करते हैं। प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने कहा, अभिमन्यु अनुभवी खिलाड़ी हैं। वह बंगाल की कप्तानी कर चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें ज़्यादा बताने की ज़रूरत नहीं पड़ती, वह जानते हैं कि चुनौतियों से कैसे निपटना है।

ईश्वरन पहली बार 2021 में इंग्लैंड दौरे के दौरान भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बने थे। उसके बाद से उन्होंने बांग्लादेश, दक्षिण अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसे दौरे भारतीय दल के साथ किए। इस बीच भारत ए, ईरानी ट्रॉफ़ी, दलीप ट्रॉफ़ी और रणजी ट्रॉफ़ी में भी उन्होंने रन बनाए, लेकिन टेस्ट कैप अब तक उनकी पहुंच से दूर रही।

कानिटकर का कहना है, उनसे बातचीत करना मुश्किल नहीं था। उन्हें मालूम है कि मौक़ा न मिलने पर क्या करना है। वह लगातार मोटिवेटेड रहते हैं और मानसिक रूप से बेहद मज़बूत हैं। उनकी बल्लेबाज़ी अच्छी लय में है और वह नई चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार दिखते हैं।

भारत ए के लिए 2018 से खेल रहे ईश्वरन अब तक 15 सीरीज़ में हिस्सा ले चुके हैं और 30 मैचों में 1865 रन बना चुके हैं। छह शतक और सात अर्धशतक उनके खाते में हैं। वह इस सदी में भारत ए के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने और सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं।

अब लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर वह एक बार फिर पारी की शुरुआत करेंगे। यहां उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है- तीन फर्स्ट क्लास मैचों में तीन शतक और औसत 117 से ऊपर। पिछले साल इसी मैदान पर उन्होंने ईरानी ट्रॉफ़ी में शेष भारत की ओर से मुंबई के ख़िलाफ़ 191 रन बनाए थे और कुछ ही दिन बाद रणजी में बंगाल के लिए नाबाद 127 रन। इस बार भी उनकी नज़र एक बड़ी पारी पर होगी ताकि घरेलू सीज़न में भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने का दावा और मजबूत कर सकें।

Related Articles

Back to top button