प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान अपनी मुस्कान और रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वीडियो से रातों-रात चर्चा में आईं मोनालिसा भोंसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मोनालिसा ने बुधवार को अपनी पसंद के व्यक्ति, फरमान से केरल के एक मंदिर में शादी कर ली। इस विवाह के बाद उपजे उम्र संबंधी विवादों पर विराम लगाते हुए मोनालिसा ने स्पष्ट किया कि उनके नाबालिग होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक और गलत हैं।
मोनालिसा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, मेरी उम्र 18 वर्ष है और मैंने अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है।” वहीं उनके पति फरमान ने बताया कि उनकी शादी विधिवत पंजीकृत (रजिस्टर्ड) कराई गई है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि मोनालिसा नाबालिग होतीं, तो कानूनी रूप से विवाह का पंजीकरण संभव ही नहीं था। फरमान के अनुसार, उनके बीच प्यार की शुरुआत छह महीने पहले एक फिल्म के चयन के दौरान हुई थी। भविष्य की योजनाओं पर मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल बहुत पसंद है और वे यहीं रहकर अपना करियर आगे बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और दूसरी पर काम चल रहा है।
यह विवाह बुधवार को पूवर के नैनार मंदिर में संपन्न हुआ, जिसमें केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सीपीआई (एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। हालांकि, यह शादी विवादों से भी घिरी रही। बुधवार को ही इस नवविवाहित जोड़े ने थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। मोनालिसा का आरोप है कि उनके पिता उन पर किसी और से शादी करने का दबाव बना रहे थे और उन्हें जबरन पैतृक गांव ले जाना चाहते थे।
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली मोनालिसा के परिजनों ने इस शादी पर कड़ा ऐतराज जताया है। उनके चाचा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी पर ‘जादू-टोना’ कर यह शादी कराई गई है। गौरतलब है कि मोनालिसा पिछले साल प्रयागराज कुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर बेहद मशहूर हुई थीं, जिसके बाद उन्हें दक्षिण भारतीय फिल्मों के ऑफर मिलने शुरू हुए थे। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल शादी ने उत्तर प्रदेश से लेकर केरल तक की राजनीति और मीडिया में हलचल पैदा कर दी है।



