Friday, February 27, 2026
More

    लोकसभा अध्यक्ष ने कोटा के जे.के.लोन अस्पताल पहुंचकर गैस रिसाव से प्रभावित बच्चों का जाना हाल

    जयपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को कोटा स्थित जे.के. लोन अस्पताल पहुंचकर गैस रिसाव से प्रभावित बच्चों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों की टीम से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए।

    लोकसभा अध्यक्ष ने सभी बच्चों से मुलाकात की और चिकित्सकों की टीम को लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के इलाज के लिए बने मेडिकल बोर्ड को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि घटना की विस्तृत जांच की जाए और इसके सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग और सहायता दी जाएगी। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए फैक्ट्री मालिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाए।

    ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल बोर्ड की टीम काम कर रही है और सभी बच्चे फिलहाल स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को तभी अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी जब उनके परिजन पूरी तरह संतुष्ट होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि गैस रिसाव के लक्षणों के रूप में बच्चों में आंखों में जलन, आंसू आना, सांस लेने में परेशानी, गले में जलन और एक अजीब गंध महसूस होने जैसी समस्याएं देखी गईं। उन्होंने कहा कि यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गैस रिसाव कैसे हुआ और इसमें कोई लापरवाही हुई या नहीं।

    इस दौरान मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना, जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक मौजूद रहे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular