चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी डिजिटल लॉकर की सुविधा

लखनऊ। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चारबाग स्टेशन पर डिजिटल लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराई है। यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए फायदेमंद है जो अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने से पहले अपने सामान को सुरक्षित रखना चाहते हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया की  डिजिटल लॉकर का उपयोग करके यात्री बिना किसी चिंता के शहर में घूम सकते हैं, व्यापारिक मीटिंग्स में शामिल हो सकते हैं या अपने आगे की यात्रा के लिए तैयारी कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से ट्रांजिट यात्रियों, पर्यटकों और उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है, जिन्हें अस्थायी रूप से अपना सामान सुरक्षित रखने की आवश्यकता होती है।

लखनऊ स्टेशन पर 11 लार्ज (Large) लॉकर और 4 एक्स-लार्ज (XL) लॉकर उपलब्ध हैं, जहां यात्री अपने बैग,
सूटकेस या अन्य व्यक्तिगत सामान को तय शुल्क पर रख सकते हैं। लॉकर का शुल्क GST सहित यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुसार घंटे के आधार पर निर्धारित किया गया है।

समय लार्ज (Large) लॉकर एक्स-लार्ज (XL) लॉकर
1 घंटा ₹14.16 ₹18.88
3 घंटे ₹42.48 ₹56.64
6 घंटे ₹84.96 ₹113.28
9 घंटे ₹127.44 ₹169.92
12 घंटे ₹169.92 ₹226.56

इसके अलावा, यदि यात्री निर्धारित समय से अधिक अपने सामान को लॉकर में रखते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त शुल्क देना
होगा।

 लार्ज (Large) लॉकर – ₹12 प्रति घंटे + GST
 एक्स-लार्ज (XL) लॉकर – ₹16 प्रति घंटे + GST

यह सुविधा लखनऊ स्टेशन के अलावा प्रयाग जंक्शन और प्रयागराज संगम स्टेशन पर भी उपलब्ध कराई गई है, जहां
समान संख्या में लॉकर और शुल्क की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए, जल्द ही अयोध्या धाम स्टेशन और वाराणसी जंक्शन पर भी डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को और
अधिक सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button