शनि कुमार सोनी बने द्वितीय प्रोफेशनल रैपिड शतरंज चैंपियन

लखनऊ। स्थानीय अविजय चेस अकादमी में आयोजित द्वितीय प्रोफेशनल रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के छठे व अंतिम चक्र में शनि कुमार सोनी ने आरव अभिषेक गर्ग को पराजित करते हुए कुल 5.5 अंक अर्जित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

राजेंद्र कुमार ने अंतिम दौर में मोहम्मद दानिश को शिकस्त देकर 5.5 अंकों के साथ शनि कुमार को कड़ी चुनौती दी, लेकिन टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर उन्हें द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। अभिनव कीर्ति वर्मन ने पाँच अंक जुटाकर तीसरा स्थान हासिल किया।

आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में अंडर-9 वर्ग में आर्ना श्रीवास्तव सर्वश्रेष्ठ रहीं। अंडर-11 वर्ग में लखनऊ पब्लिक स्कूल के अर्णव सिंह, अंडर-13 वर्ग में अथर्व साहू और अंडर-15 वर्ग में लखनऊ पब्लिक स्कूल के सिद्धांत सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सर्वश्रेष्ठ वेटरन खिलाड़ी का पुरस्कार यू. वी. सिंह को दिया गया, जबकि अनुपमा खरे को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में तिरुपति कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के चेयरमैन प्रभात त्रिपाठी और वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष सक्सेना ने विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन की खिलाड़ियों और शतरंज प्रेमियों ने सराहना की।

Related Articles

Back to top button