Wednesday, October 22, 2025
More

    सपा कार्यकर्ताओं ने भव्य तरीके से मनाया पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता सोमवार को पूरे प्रदेश में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पौधे लगाए, भंडारे आयोजित किए, रक्तदान किया और अन्य तरीकों से इस दिन को मनाया।

    अखिलेश यादव का जन्म एक जुलाई 1973 को हुआ था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती, चाचा शिवपाल यादव समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए यादव को जन्मदिन की बधाई दी है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट पर लिखा -समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको सुदीर्घ जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो।

    पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर लिखा – समाजवादी पार्टी के प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सांसद श्री अखिलेश यादव को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं उनके लम्बी उम्र की शुभकामनायें। उनके परिवार वालों को भी इस अवसर की दिली मुबारकबाद।

    शिवपाल यादव ने लिखा -समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनायें। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय व दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं। आप नित्य सफलता के नए सोपान चढ़ें, ऐसी मंगलकामना।

    सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पौधारोपण कर सादगी से जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने कहा, सोमवार से प्रदेशव्यापी पीडीए पौधारोपण कार्यक्रम शुरू हो गया है और यह सात जुलाई तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के हर गांव में किया जा रहा है जिसके तहत बरगद, पीपल और नीम के पौधे पीडीए वृक्ष के रूप में लगाए जाएंगे।

    राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में पीडीए पौधारोपण अभियान को देशव्यापी आंदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा। लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समुदायों के मतदाताओं को लुभाने के लिए पीडीए का नारा दिया था। सपा ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 37 सीट जीती थीं।

    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular