Friday, February 20, 2026
More

    स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ बना जूनियर मेन स्टेट हॉकी टूर्नामेंट का चैंपियन

    • स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी को शूट-आउट में 2–1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

    लखनऊ। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम गोमतीनगर में आयोजित जूनियर मेन स्टेट हॉकी टूर्नामेंट 2025 का फाइनल मुकाबला रोमांच की चरम सीमा पर पहुंचा, जहां स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी को शूट-आउट में 2–1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2–2 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।

    मैच की शुरुआत से ही स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने आक्रामक रुख अपनाया। 9वें मिनट में अतीफ ने शानदार फील्ड गोल करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 12वें मिनट में अजीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर लखनऊ की बढ़त को 2–0 कर दिया। शुरुआती झटकों के बाद झांसी की टीम ने जबरदस्त वापसी की। 14वें मिनट में प्रवीण यादव ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अंतर कम किया। मैच के अंतिम चरण में 55वें मिनट में राहुल पटेल ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागते हुए मुकाबले को 2–2 की बराबरी पर ला खड़ा किया।

    निर्धारित समय में कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी, जिसके बाद मैच का फैसला शूट-आउट से हुआ। शूट-आउट में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ के रघवेंद्र और अजीत ने सटीक निशाने लगाते हुए गोल किए, जबकि टीम के गोलकीपर ललित ने शानदार बचाव करते हुए झांसी के खिलाड़ियों के प्रयास विफल कर दिए। स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी की ओर से केवल अंकित पटेल ही शूट-आउट में गोल कर सके।

    फाइनल मुकाबले के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विशेष सचिव कुमार विनीत ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। विशिष्ट अतिथियों में राजनीश मिश्रा (महासचिव, उत्तर प्रदेश हॉकी),निशा मिश्रा (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हॉकी),पॉल देवेंद्र (संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश हॉकी),अजय त्रिपाठी (उपाध्यक्ष, ओलंपिक संघ),क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अतुल सिन्हा उपस्थित रहे। इसके अलावा रंजीत राज (उप क्रीड़ा अधिकारी),  निशित दीक्षित और कोच केडी सिंह भी  मौजूद रहे। तकनीकी अधिकारी/निर्णायक के रूप में प्रिंस मौर्या की भूमिका सराहनीय रही। मैच का संचालन अंपायर सौरभ गुप्ता, सुशील महर्षि, अविनाश श्रीवास्तव, संदीप पाठक, बृजेश कुशवाहा, रवि जायसवाल, सचिन चौहान और कवि यादव ने किया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular