लखनऊ। पेट्रोल में एथेनॉल साल्वेंट केमिकल मिलाकर सप्लाई करने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से भारी मात्रा में साल्वेंट न पेट्रोल बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार नागर ने बताया की पेट्रोल में एथेनॉल साल्वेट केमिकल का मिश्रण कर अवैध रूप से मिलावटी पेट्रोल की सप्लाई करने वाले गिरोह के बारे में सूचना प्राप्त हो रही थी। अभिसूचना संकलन के दौरान ज्ञात हुआ कि पेट्रोल में अवैध रूप से एथेनॉल, साल्वेंट केमिकल मिलाकर सप्लाई करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य कानपुर-अलीगढ हाईवे के निकट ग्राम मानीमऊ क्षेत्रान्तगत थाना कोतवाली नगर जनपद कन्नौज में यश ढाबे के पीछे मैदान में मौजूद है।
इस सूचना पर निरीक्षक दिलीप तिवारी के नेतृत्व में उनि विनोद कुमार सिंह,अशोक कुमार गुप्ता, हे०का० रुद्र नारायण,राजेश मौर्या व विजय वर्मा की एक टीम गठित कर आबकारी विभाग के निरीक्षक हरिश्चन्द्र व अब्दुल साबिर व पूर्ति निरीक्षक सौरभ गुप्ता की टीम को साथ लेकर कार्यवाही करते हुए कंटेनर ड्म को खोलकर चेक किया गया, तो मिक्स साल्वेंट के साथ भिन्न तीक्ष्ण ज्वलनशील ईंधन पाया गया।
जिसके उपरान्त नमूना लेकर क्षेत्रीय आबकारी प्रयोगशाला भेजा गया। प्रयोगशाला रिपोर्ट में एथेनॉल साल्वेंट की पुष्टि होने पर अभियुक्त राजेन्द्र पाल निवासी मकान नं0-477 रतनपुर थाना पनकी जिला कानपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
85 रूपये की दर से करते थे उसकी सप्लाई
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ पर बताया कि उनका संगठित गिरोह है, जो पेट्रोल में केमिकल (साल्वेन्ट) मिलाकर मिलावटी पेट्रोल की सप्लाई करता है। इस गिरोह का सरगना अमित पाल निवासी कन्नौज है। सौरभ यादव, धर्मराज व हंसराज पाल के माध्यम से कन्नौज, कानपुर, लखनऊ व आस पास के जनपदों में 80 से 85 रूपये की दर से उसकी सप्लाई करता है।
वह अपने साथियो के साथ काफी समय से मिलावटी पेट्रोल की सप्लाई करता आ रहा है। अमित पाल के माध्यम से 30 रूपये प्रति लीटर की दर से केमिकल (साल्वेन्ट) मंगाते है। जिसे कम्पनियों के टैंकरों से पेट्रोल निकालने के बाद उसी टैंकरों में उतने ही मात्रा में केमिकल (साल्वेन्ट) मिला देते है, जिससे कि टैंकरों में लोड पेट्रोल की मात्रा में अन्तर नहीं आता है।

