Saturday, June 14, 2025
More

    महिला सीनियर सोलो में यूपी की तनीषा व पुरुष सीनियर रेगू में मेजबान टीम ने जीता रजत पदक

    लखनऊ । उत्तर प्रदेश ने 13वीं राष्ट्रीय सीनियर पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के तीसरे दिन अपनी छाप छोड़ते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के तत्वावधान में पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ यूपी के द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित चैंपियनशिप में तीसरे दिन कई वर्गो में पदकों का फैसला हुआ।

    रविवार को महिला सीनियर सोलो में उत्तर प्रदेश की तनीषा कश्यप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस वर्ग का स्वर्ण मध्य प्रदेश की दीक्षा रेड्डी ने जीता जबकि कांस्य पदिक चंडीगढ़ की सोनिया व महाराष्ट्र की किराकंशी किशोर येवले को मिले।

    पुरुष सीनियर रेगू (तीन खिलाड़ी) में उत्तर प्रदेश के शिवा शर्मा, प्रशांत रावत व आकाश शुक्ला की टीम ने रजत पदक जीता। इस वर्ग में महाराष्ट्र के ओकांर गणेश, अंशुल कांबले व वैभव की टीम ने स्वर्णिम सफलता हासिल की। कांस्य पदक तमिलनाडु के सुदर्शन, एस. व लोगेश्वरन एवं पश्चिम बंगाल के विश्वकर्मा महतो, शोभान दास व यश गुप्ता ने साझा किए।आयोजन सचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि तीसरे दिन मध्य प्रदेश व दिल्ली ने दो-दो स्वर्ण पदक जीते। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मणिपुर व महाराष्ट्र को 1-1 स्वर्ण पदक मिले।

    महिला सीनियर तुंग्गल में मध्य प्रदेश की भूमिका जैन ने स्वर्ण पदक जीता। नागालैंड की हिनोकाली को रजत जबकि चंडीगढ़ की सिमरन व दादर नगर हवेली व दमन-दीव की किर्ताना आचार्य को कांस्य पदक मिला।महिला सीनियर गंडा (युगल प्रदर्शन) में दिल्ली की पूजा कुमारी व सरिता मौर्या की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता जिन्होंने महाराष्ट्र की प्राजक्ता प्रभाकर व रिया राजेश को हराया। मध्य प्रदेश की जागृति योगी व दीक्षा रेड्डी एवं मणिपुर की टीबी चानू व टीडी चानू को कांस्य पदक मिले।

    महिला सीनियर रेगू (तीन खिलाड़ी) में दिल्ली की मिताली, शीतल व मुस्कान की टीम ने स्वर्ण जीता जबकि महाराष्ट्र की अशिता शंकर यादव, रिया राजेश व प्राजक्ता की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। कांस्य पदक नागालैंड की अविकल वी.शेकी, हिनोकाली, हतिनेइम खांगसेई व जम्मू-कश्मीर की प्रीशा निसार, तौसीफा हसन व फरजाना फायज की टीमों को मिला।

    • 13वीं राष्ट्रीय सीनियर पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश व दिल्ली ने जीते दो-दो स्वर्ण पदक

    पुरुष सीनियर सोलो में ओडिशा के सोहिल गुरंग ने स्वर्ण पदक हासिल किया। आसाम राइफल्स के हुदिरोम बिशन मेतेई को रजत जबकि एसएसबी के आर्यन व जम्मू-कश्मीर के जहांगीर शफी को कांस्य पदक मिले।पुरुष सीनियर तुंग्गल में पश्चिम बंगाल के राजा दास ने स्वर्ण, आसाम राइफल्स के हुदिरोम बिशन मेतेई ने रजत जबकि महाराष्ट्र के कृष्णा नरसिंग पांचाल व जम्मू-कश्मीर के रवीस अहमद ने कांस्य पदक जीते।

    पुरुष सीनियर गंडा (युगल प्रदर्शन) में मणिपुर के सुधीर मेतेई व प्रेमचंद्र की जोड़ी ने स्वर्ण अपने नाम किया। आसाम राइफल्स के हुदिरोम बिशन मेतेई व मिजाजुर रहमान ने रजत जबकि पश्चिम बंगाल के साहिल कुमार दास व शोभान दास एवं आल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के आदिल अहमद भट्ट व शौकत अहमद लोन ने कांस्य पदक जीते।
    रविवार के मुकाबलों के दौरान उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

    इस अवसर पर इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के अध्यक्ष किशोर प्रकाश येवले, महासचिव तारिक जरगर, पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ यूपी के चेयरमैन अनूप गुप्ता (भाजपा प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद) व कार्यकारी अध्यक्ष जसपाल सिंह भी मौजूद रहे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular