
लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में 2584 हजार महिला अभ्यर्थियों को सीधे संविदा परिचालक के पद पर रखा जायेगा। महिला अभ्यर्थियों के अनुबंध के लिए उनका उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उ0प्र0 कौशल विकास मिशन का सदस्य होना अथवा एनसीसी बी प्रमाण पत्र, एनएसएस एवं स्काउट गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि भर्ती के लिए इण्टरमीडिएट की योग्यात के साथ सी0सी0सी0 प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। महिला अभ्यर्थियों को इण्टरमीडिएट में प्राप्ताकों की मेरिट निर्धारित करते हुए सीधे संविदा परिचालक के पद पर रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि एनसीसी बी प्रमाणपत्र, एनएसएस प्रमाणपत्र, भारत स्काउट एवं गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र धारक महिला अभ्यर्थियों को इण्टरमीडिएट में प्राप्तकों पर 05 प्रतिशत का वेटेज भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला परिचालकों को संविदा चालकों/परिचालकों हेतु अनुमन्य पारिश्रमिक दरों के समान दर से ही भुगतान किया जायेगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि महिला अभ्यर्थियोें को उनके गृह जनपद के तहत आने वाले डिपो में नियुक्त किया जायेगा। उन्होंने बताया कि परिचालक पद पर भर्ती के लिए 25 मार्च, 28 मार्च, 30 मार्च, एवं 01 अप्रैल को रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा।
25 मार्च को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम-बांदा, प्रयागराज , 28 मार्च को गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी, 30 मार्च को मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़ एवं 01 अप्रैल को नोएडा,आगरा, मुरादाबाद ,लखनऊ,गोरखपुर क्षेत्रों में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निकटतम क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय जाकर अपना आवेदन कर सकती हैं।





