हरारे। आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 311 रन का विशाल लक्ष्य 41.1 ओवर में हासिल कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार किसी टीम ने 300 से अधिक रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया है।
भारत की जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज रहे, जिन्होंने 104 गेंदों पर 115 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और दो छक्के शामिल रहे। जॉर्ज को फाइनल में पहुंचाने वाली इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अंडर-19 विश्व कप में सबसे सफल रनचेज
- 311- भारत बनाम अफगानिस्तान, हरारे, 2026
- 305- न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड, कोलंबो आरपीएस, 2006
- 294- साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, कूलिज, 2022
- 292- वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका, क्राइस्टचर्च, 2010
- 279 – वेस्टइंडीज बनाम आयरलैंड, लिंकन, 2018
रनचेज की शुरुआत भारत ने आक्रामक अंदाज में की। वैभव सूर्यवंशी और एरॉन जॉर्ज ने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। वैभव ने मात्र 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 33 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वैभव के आउट होने के बाद कप्तान आयुष म्हात्रे ने जॉर्ज का बेहतरीन साथ निभाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी हुई। आयुष ने 59 गेंदों पर 62 रन बनाए।
इसके बाद जॉर्ज ने उपकप्तान विहान मल्होत्रा के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। विहान 38 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 310 रन बनाए। अफगान टीम की ओर से फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों पर 110 रन और उजैरुल्लाह नियाजई ने नाबाद 101 रन की शानदार पारी खेली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रन की बड़ी साझेदारी हुई। भारत की ओर से कनिष्क चौहान ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए।
भारतीय टीम रिकॉर्ड पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत चुकी है और अब लगातार छठी बार फाइनल में पहुंची है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को इसी मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। इंग्लैंड ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया था। फाइनल में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।

