Monday, July 7, 2025
More

    केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भिवाड़ी में CETP और STP प्लांट का किया औचक निरीक्षण

    जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण, वन एंव जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को भिवाड़ी में दूषित जलभराव और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया।

    इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने CETP प्लांट, STP प्लांट, तथा बाईपास टी-पॉइंट पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दूषित जलभराव भिवाड़ी की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है।

    मंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष से प्रशासन के साथ मिलकर इस समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ प्रयास अब रंग ला रहे हैं, जिससे काफी हद तक समाधान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को पूरी तरह जड़ से समाप्त करने में करीब एक वर्ष और लग सकता है, उसके बाद भिवाड़ी एक साफ और स्वच्छ शहर के रूप में सामने आएगा।

    केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि तिजारा में आयोजित सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने भिवाड़ी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी देश के नक्शे पर एक उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र है, और दिल्ली के निकट होने के कारण यह सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया बनकर उभर रहा है। उन्होंने अपील की कि भिवाड़ी के सभी गांव और स्थानीय निवासी इसे स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।

    इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने ग्वालदा गांव में प्रस्तावित ट्रीटमेंट प्लांट हेतु भूमि का निरीक्षण किया और कहरानी गांव में प्रस्तावित चिड़ियाघर के लिए आवंटित भूमि का भी अवलोकन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर किशोर कुमार, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular