Friday, February 27, 2026
More

    जूनियर कराटे में 400 खिलाड़ी करेंगे पदकों के लिए मुकाबला

    लखनऊ । यूपी के कराटे खिलाड़ियों के लिए बहुप्रतीक्षित यूपी स्टेट सब जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2024 का शुभारंभ आज से लखनऊ के चौक स्टेडियम में हो रहा है। इस चैंपियनशिप में 24 जिलों के 400 खिलाड़ी 78 स्वर्ण पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे।

    चैंपियनशिप का आयोजन कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के तत्वावधान में कराटे एसोसिएशन ऑफ लखनऊ द्वारा किया जा रहा है। मुकाबलों की शुरुआत सुबह 9:00 बजे होगी, जबकि औपचारिक उद्घाटन समारोह आज दोपहर 2:30 बजे होगा।

    उद्घाटन के मुख्य अतिथि इंजी. योगेश कुमार (निदेशक, कामर्शियल, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड) और विशिष्ट अतिथि डा. सैयद रफत जुबैर रिजवी (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन) होंगे।

    चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों को बालक और बालिकाओं के कुमिते के 62 भार वर्ग और काता की 16 श्रेणियों में अपने कौशल का प्रदर्शन करना होगा। कुल 78 स्वर्ण, 78 रजत और 156 कांस्य पदक के लिए प्रतिस्पर्धा होगी।

    प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को खिलाड़ियों का वजन परीक्षण पूरा किया गया। चैंपियनशिप का संचालन वर्ल्ड कराटे फेडरेशन से प्रमाणित जज अनूप डेडे की निगरानी में होगा।

    कराटे एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष टीपी हवेलिया और महासचिव जसपाल सिंह ने बताया कि यह चैंपियनशिप उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

    इस दो दिवसीय आयोजन का समापन 8 दिसंबर को होगा। उम्मीद की जा रही है कि यह आयोजन प्रदेश में कराटे खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में अहम भूमिका निभाएगा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular