लखनऊ। मैन ऑफ द मैच प्रियांशू श्रीवास्तव के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ( 4 विकेट के अलावा नाबाद 61 रन) और विश्वजीत मिश्रा(नाबाद 11) की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत 21वीं बीबीडी क्रिकेट लीग के ए डिवीजन मुकाबले में यूपी टिम्बर ने कूहू स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।
जीसीआरजी ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए कूहू स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने सभी विकेट खोकर 183 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित सिंह ने सर्वाधिक 50 रन की पारी खेली। यूपी टिम्बर सीसी की ओर से प्रियांशू श्रीवास्तव ने 4 और मिलान यादव ने 3 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी टिम्बर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज विश्वजीत मिश्रा ने 66 गेंदों पर 10 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 111 रन की धुआंधार शतकीय पारी खेली। वहीं प्रियांशू श्रीवास्तव ने 62 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 61 रन बनाकर टीम को 9 विकेट से जीत दिला दी।



