पीकेएल-12 के लिए यूपी योद्धा तैयार, लखनऊ में की नई जर्सी का अनावरण

लखनऊ, खेल संवाददाता। जीएमआर स्पोर्ट्स की टीम यूपी योद्धा ने प्रो कबड्डी लीग सीजन-12 के लिए अपनी नई जर्सी का अनावरण लखनऊ में किया। इस मौके पर टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों ने सीजन में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।

लखनऊ में नयी जर्सी के अनावरण के दौरान जीएमआर स्पोर्ट्स के सीईओ सत्याम त्रिवेदी ने कहा,हमारी सोच हर साल नए हीरो बनाने की है। इस बार भी हम चाहते हैं कि यूपी योद्धा के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर टीम और प्रदेश का नाम रोशन करें।

टीम के हेड कोच जसवीर सिंह ने कहा,हमने ऐसा दल तैयार किया है जिसमें अनुभव और नई प्रतिभा का बेहतरीन संतुलन है। सीनियर खिलाड़ी जहां स्थिरता देंगे वहीं युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका मिलेगा।

टीम ने सीजन-7 से जुड़े स्टार डिफेंडर सुमित सांगवान को कप्तान और आशु सिंह को उपकप्तान बनाया है। कप्तान सुमित ने कहा,यह मेरे लिए सम्मान की बात है। टीम ने जो भरोसा जताया है, उसे अच्छे प्रदर्शन से लौटाना चाहता हूँ। हमारे पास मजबूत टीम है और दर्शकों के समर्थन से इस सीजन को यादगार बनाएंगे।

यह भी पढ़ें : पीकेएल सीज़न 12 की शुरुआत में महाराष्ट्रीयन प्रतिद्वंद्विता की वापसी होगी

यूपी योद्धा ने इस सीजन के लिए पिछले साल के 13 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, जबकि कुछ नए खिलाड़ियों को नीलामी से शामिल किया गया है। इसके अलावा छह खिलाड़ियों को युवा योद्धा (टीम की डेवलपमेंट यूनिट) से प्रमोट किया गया है।

युवा योद्धा अकादमी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जहां प्रदेशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी जाती है। टीम प्रबंधन का मानना है कि इससे उत्तर प्रदेश में कबड्डी को और बढ़ावा मिलेगा।

यूपी योद्धा अपना पहला मैच 30 अगस्त शनिवार को आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ खेला जायेगा।

Related Articles

Back to top button