- खेल राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में अत्याधुनिक जिमों का ऑनलाइन उद्घाटन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने सोमवार को गुरु गोविन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ से प्रदेश के पांच जिलों में निर्मित अत्याधुनिक जिमों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। ये जिम स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, सैफई, स्पोर्ट्स स्टेडियम कानपुर देहात, हरदोई और फर्रुखाबाद में बनाए गए हैं।

इस अवसर पर मंत्री ने लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के जिम उपकरणों को स्वयं चलाकर देखा और उनकी गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी जिमों की ऑनलाइन अवस्थापना की समीक्षा भी की।
इसके बाद मंत्री ने खेल विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के तीनों स्पोर्ट्स कॉलेजों – लखनऊ, गोरखपुर और सैफई की खेल व शैक्षणिक उपलब्धियों, आय-व्यय बजट, निर्माण कार्यों और आवश्यक समस्याओं पर चर्चा की गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि कॉलेजों में रिक्त शिक्षकों व खेल प्रशिक्षकों के पदों को प्रतिनियुक्ति अथवा अन्य माध्यम से जल्द भरा जाए। इसके लिए विज्ञापन जारी करने के निर्देश भी दिए गए।मंत्री ने तीनों कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को खेलों में और अधिक उपलब्धियाँ प्राप्त करने हेतु सक्षम दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि गुरु गोविन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में मल्टीपरपज हॉल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे इनडोर खेलों का संचालन बेहतर तरीके से हो सके। वहीं, बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में एथलेटिक्स रनिंग ट्रैक और हॉस्टल के निर्माण पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख सचिव खेल मनीष चौहान, सचिव खेल सुहास एलवाई, संयुक्त सचिव हृदय नारायण सिंह यादव, संयुक्त सचिव वित्त कुंवर मकरंद सिंह, निदेशक खेल डॉ. आर.पी. सिंह, उप सचिव विश्वजीत सिंह, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व अर्जुन अवार्डी एम.पी. सिंह, ओलंपियन सैय्यद अली, उदयभान यादव सहित तीनों स्पोर्ट्स कॉलेजों के प्रधानाचार्य अनिमेष सक्सेना (लखनऊ), आले हैदर (गोरखपुर) और सर्वेन्द्र सिंह चौहान (सैफई) उपस्थित रहे।

