Thursday, October 23, 2025
More

    टेस्ट से संन्यास के बाद वृंदावन पहुंचे विराट कोहली, लिया प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद

     

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले ही दिन मथुरा के वृंदावन में आध्यात्मिक शांति की तलाश की। मंगलवार सुबह विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।

    सुबह करीब 7:20 बजे विराट और अनुष्का इनोवा कार से आश्रम पहुंचे। दोनों ने प्रेमानंद महाराज से लगभग 15 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद उन्होंने आश्रम में लगभग 2 घंटे 20 मिनट बिताए और वहां चल रहे कार्यों को करीब से देखा और समझा। बताया गया है कि संत से मुलाकात के बाद दोनों थोड़ी देर के लिए आश्रम से बाहर निकले, लेकिन करीब आधे घंटे बाद फिर लौटकर आए। आश्रम में मौन वातावरण के बीच विराट और अनुष्का का यह दौरा पूरी तरह से निजी और शांतिपूर्ण रहा।

    यह विराट कोहली का वृंदावन का तीसरा दौरा था। इससे पहले वे 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को भी वृंदावन आए थे और तब भी उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी। विराट को अध्यात्म और साधना में रुचि है और वह समय-समय पर मानसिक शांति के लिए इस प्रकार के दौरे करते रहे हैं।

    गौरतलब है कि विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से अपने फैसले की जानकारी दी थी, जिसमें उन्होंने लिखा  टेस्ट क्रिकेट ने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और वह पाठ सिखाए जो जिंदगीभर मेरे साथ रहेंगे।” विराट ने 123 टेस्ट मैचों में 30 शतक, 31 अर्धशतक और 7 दोहरे शतक लगाए। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक जीतें दर्ज कीं।

    वृंदावन दौरे के दौरान कोहली दंपत्ति होटल रेडिसन में ठहरे हुए हैं। कोहली के इस दौरे को उनके जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें वे अब आत्मिक और पारिवारिक जीवन को प्राथमिकता देना चाह रहे हैं।

     

    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular