लखनऊ । झांसी में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रतियोगिता में लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के प्रशिक्षुओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल द्वारा 22 से 24 मार्च तक भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में सुनीता वर्मा ने 59 किलोग्राम वर्ग (सब जूनियर महिला) में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रवीण कुमार ने 67 किलोग्राम वर्ग (सीनियर पुरुष) में रजत पदक हासिल किया। सपना ने 45 किलोग्राम वर्ग (जूनियर महिला) में कांस्य पदक जीता, जबकि नेहा सिंह चौहान ने 53 किलोग्राम वर्ग (जूनियर महिला) में कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अतुल कुमार सिन्हा, जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव रंजीत सिंह तथा उप क्रीड़ा अधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।





