लखनऊ। नगराम के लीलावती हॉस्पिटल में शनिवार इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद मृतका के परिजनों द्वारा हंगामा शुरू कर दिया गया। मौके पर पहुंची नगराम पुलिस द्वारा कार्यवाही का आश्वासन देकर मामला शांत कराया गया।
पेट में दर्द होने पर कराया गया भर्ती
बताया जा रहा है की लीलावती हॉस्पिटल में शुक्रवार की सुबह मोहनलालगंज के कलंदर खेड़ा निवासी महिला किशन कुमारी 27 को पेट में दर्द होने पर भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल प्रशासन महिला के पेट में 5 महीने का मृत बच्चा होने की बात बताई थी। जिसकी सफाई के दौरान महिला की बच्चेदानी कट गई,हालत गंभीर होने पर निजी साधन से अन्य हॉस्पिटल ले जाया गया। रास्ते में महिला की मौत हो गई।
शव रखकर किया प्रदर्शन
जिस पर गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने गाड़ी में शव रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्यवाही व मुआवजे को लेकर हंगामा करते हुए समेसी बाजार में नगराम-निगोहां मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद नगराम इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी द्वारा परिजनों को समझने का प्रयास किया गया, देर रात तक चले प्रदर्शन के बाद परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शान्त हुए।
जहर फैलने से हुए मौत
लीलावती अस्पताल के संचालन हुसैनाबाद निवासी रामकुमार व लड़का विनय कुमार द्वारा संचालित किया जाता है। संचालक रामकुमार के अनुसार महिला किशन कुमारी के पेट में पांच माह का गर्भ था। जिसने गर्भपात के लिए बीते 29 दिन पहले उसने कोई दवा खाई थी। जिससे बच्चा पेट के अन्दर मर चुका था जिससे जहर फैला चुका था।अस्पताल में केवल जांच कर ग्लूकोज चढ़ाया गया था। हालत गंभीर देख इलाज करने से मना कर अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी। मौके पर पंहुची सीएचसी अधीक्षिका ज्योति कांबले द्वारा अस्पताल सील करने की कार्यवाही की गई। मृतक महिला के दो बच्चे कपिल एक वर्ष आशिक7वर्ष हैं।