महिला हैंडबॉल : लखनऊ की धमाकेदार शुरुआत, झांसी ने दोहरी जीत से किया दबदबा कायम

लखनऊ, खेल संवाददाता। लखनऊ, झांसी, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या मंडल ने राज्य स्तरीय समन्वय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। लखनऊ ने जहां सहारनपुर पर एकतरफा जीत से अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं झांसी मंडल ने दोहरी जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल मे किया जा रहा है।

लखनऊ मंडल ने आज सहारनपुर मंडल के खिलाफ एकतरफा 13-4 से जीत दर्ज की। लखनऊ की ओर से रितु पाल ने सबसे अधिक 5 गोल दागे। उनका साथ देते हुए शिवानी वर्मा ने 4 और प्रिया ने 3 गोल किए।

झांसी मंडल ने अपने पहले मैच में मेरठ मंडल को 12-2 से हराया। जीत में सृष्टि ने सर्वाधिक 6 गोल किए। वहीं दूसरे मैच में झांसी ने प्रयागराज मंडल को 10-7 से मात दी। इस जीत में में रिया गुप्ता ने 5 व नीतू यादव ने 4 गोल करते हुए अहम भूमिका निभाई।

आजमगढ़ मंडल ने कानपुर मंडल को 8-2 से हराया जिसमें लक्ष्मी ने 4 और संध्या ने 3 गोल किए। वाराणसी मंडल ने मेरठ मंडल को 18-4 से परास्त किया। टीम की ओर से से काजल पटेल ने सर्वाधिक 5 जबकि रेशमा व सुहानी ने 3-3 गोल करने में सफलता हासिल की।

मैच से पहले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ।

गोरखपुर मंडल ने देवीपाटन मंडल को 15-2 से मात दी जिसमें आशा ने 4 व युक्ता ने 3 गोल किए। वहीं अयोध्या मंडल ने अलीगढ़ मंडल के खिलाफ 15-10 से जीत दर्ज की।

विजेता टीम से दिया ने 5, राधा ने 4 व प्रियंका ने 3 गोल किए।
इसके अलावा सहारनपुर मंडल ने माही के तीन गोल की बदौलत चित्रकूट मंडल को 5-0 से हराया जबकि विंध्याचल मंडल ने देवीपाटन मंडल को करीबी मुकाबले में 5-4 से हराया।

मेरठ मंडल व आगरा मंडल का मैच 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ। दिन के मैचों के दौरान उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने परिचय प्राप्त करके खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया।

 

Related Articles

Back to top button