Monday, January 12, 2026
More

    38वें राष्ट्रीय खेल : यूपी की एथलीट मुनीता व जूडोका अभिषेक ने जीते कांस्य

    लखनऊ। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश के लिए एथलीट मुनीता प्रजापति व जूडोका अभिषेक चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने जानकारी दी कि अब तक यूपी के खिलाड़ी कुल 41 पदक जीत चुके हैं, जिसमें 12 स्वर्ण, 12 रजत और 17 कांस्य शामिल हैं।

    मंगलवार को देहरादून में हुई एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं में 10 किमी महिला पैदल चाल में मुनीता प्रजापति ने 46:23 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। हरियाणा की रवीना ने 45:52 के समय के साथ स्वर्ण, जबकि उत्तराखंड की शालिनी ने 46:12 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

    वहीं देहरादून में हुई जूडो की प्रतियोगिताओं में अभिषेक चौधरी ने 81 किग्रा से कम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।
    इससे पहले, सोमवार को पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के कुलदीप कुमार ने 5.00 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में मध्य प्रदेश के देव कुमार मीना ने 5.32 मीटर की ऊंचाई के साथ स्वर्ण पदक, जबकि तमिलनाडु के रीगन जी ने रजत पदक अपने नाम किया।

    सोमवार रात देहरादून में आयोजित जिम्नास्टिक्स की प्रतियोगिताओं में ऑल अराउंड चैंपियनशिप के तहत यूपी के आदित्य सिंह राणा ने 69.066 अंक अर्जित कर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में सर्विसेज के तपन मोहंती ने 71.867 अंकों के साथ स्वर्ण पदक, जबकि हरियाणा के योगेश्वर ने 71.266 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular