Saturday, January 24, 2026
More

    38वें राष्ट्रीय खेल: योगासन आर्टिस्टिक महिला ग्रुप टीम इवेंट में उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक

    उत्तर प्रदेश 17 पदक (6 स्वर्ण, 5 रजत, 6 कांस्य) जीतकर 11वें स्थान पर पहुंचा।

    लखनऊ, खेल संवाददाता। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल में मंगलवार को योगासन में उत्तर प्रदेश ने आर्टिस्टिक महिला ग्रुप टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।
    अल्मोड़ा में आयोजित योगासन की स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की ओर से सिमरन, आर्यांशी, इंदु, साक्षी व कनिका ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश को यह सफलता दिलाई।

    इसी के साथ राष्ट्रीय खेल में योगासन की स्पर्धा में उत्तर प्रदेश एक स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक के साथ पांचवें स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश योगासन टीम की कोच मालविका बाजपेई व मैनेजर नेहा शेरोन थी।

    उत्तर प्रदेश की योगासन टीम के इस प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।इसके साथ ही उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष आचार्यश्री डॉ यश पाराशर, महासचिव रोहित कौशिक ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

    कार्यकारी अध्यक्ष आचार्यश्री डॉ यश पाराशर ने बताया कि योगासन खेल में उत्तर प्रदेश का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और भविष्य में हमें और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय खेल में अब तक 6 स्वर्ण, 5 रजत व 6 कांस्य पदक सहित कुल 17 पदक के साथ तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच गया है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular