Wednesday, October 22, 2025
More

    38वें राष्ट्रीय खेल : उत्तर प्रदेश को वुशू में रजत, बीच हैंडबॉल में कांस्य पदक

    लखनऊ, खेल संवादाता । उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने पदक तालिका में अपनी शुरुआत शानदार तरीके से की है। प्रदेश की पुरुष बीच हैंडबॉल टीम ने कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश को पहला पदक दिलाया। इसके बाद वुशू खिलाड़ी मोहित थापा ने ननदाओ स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश के लिए दूसरा पदक जोड़ा।

    उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने जानकारी दी कि देहरादून में आयोजित वुशू प्रतियोगिता में पुरुष ननदाओ वर्ग में मेरठ के मोहित थापा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 8.71 अंक प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। मध्य प्रदेश के खिलाड़ी ने 8.74 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि राजस्थान के खिलाड़ी ने 8.66 अंक अर्जित कर कांस्य पदक प्राप्त किया।

    इससे पहले, शिवपुरी ऋषिकेश में आयोजित बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में राजस्थान को रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में 18-22, 25-16 (5-1) से पराजित किया। मैच के पहले सेट में राजस्थान ने तेज़ शुरुआत करते हुए 22-18 से जीत दर्ज की। हालांकि, उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार वापसी करते हुए मोहित यादव और शुभम सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दूसरा सेट 25-16 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

    निर्णायक पेनाल्टी शूटआउट में उत्तर प्रदेश ने 5 गोल किए, जबकि राजस्थान की टीम केवल 1 गोल ही कर सकी। इस दौरान यूपी के गोलकीपर सौरभ ने शानदार बचाव किए और टीम की जीत सुनिश्चित की।

    खिलाड़ियों को दी बधाई

    डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने वुशू में रजत पदक विजेता मोहित थापा और कांस्य पदक जीतने वाली यूपी पुरुष बीच हैंडबॉल टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अन्य स्पर्धाओं में भी पदक जीतने की मजबूत दावेदारी पेश करेंगे।

    उत्तर प्रदेश पुरुष बीच हैंडबॉल टीम:

    मोहित यादव (लखनऊ), अंकित चौधरी, रोहन, शुभम सिंह (लखनऊ), हसीन खान (बस्ती), मनिंदर सिंह (बिजनौर), संचित (आजमगढ़), सौरभ (गोरखपुर), गुरदीप खत्री (कानपुर), उदित पाठक (इटावा)।

    कोच: आदित्यनाथ (एसएसबी)
    मैनेजर: डॉ. सुमंत पाण्डेय (लखनऊ)
    हेड ऑफ डेलीगेशन: अमित पाण्डेय (वाराणसी)।

    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular