Thursday, October 23, 2025
More

    38वें राष्ट्रीय खेल : उत्तर प्रदेश की पुरुष हॉकी टीम ने जीता रजत पदक

    • जिम्नास्टिक्स में आदित्य सिंह राणा ने रजत व सिद्धार्थ वर्मा ने जीते दोहरे कांस्य
    लखनऊ।  38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश की पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और कांटे के मुकाबले  में रजत पदक जीता। वहीं निशानेबाजी के महिला स्कीट में अरीबा खान ने रजत पदक जीता जबकि जिम्नास्टिक्स में आदित्य सिंह राणा ने रजत व सिद्धार्थ वर्मा ने दोहरे कांस्य पदक जीते।
    हरिद्वार में पुरुष हॉकी के फाइनल में उत्तर प्रदेश का मुकाबला कर्नाटक से हुआ जिसमें कर्नाटक  ने संघर्ष के बाद 3-2 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के शीर्ष स्कोरर उत्तर प्रदेश के शारदानंद तिवारी रहे।  इससे पूर्व उत्तर प्रदेश पुरुष हॉकी टीम ने 36वें नेशनल गेम्स में रजत व 37वें नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीता। आज फाइनल में उत्तर प्रदेश के फराज़ खान ने पहले ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन जल्द ही कर्नाटक के शमंथ सीएस ने आठवें मिनट में बराबरी की।
    कर्नाटक के भरत महालिंगप्पा कुर्तकोटी (18वां) और अभरण सुदेव बी (39वां) ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उत्तर प्रदेश से शारदानंद तिवारी ने 45वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल किया, लेकिन यह उनकी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
    गुरुवार को जिम्नास्टिक्स में  उत्तर प्रदेश ने एक रजत व दो कांस्य पदक जीते।  इसमें पैरेलल बार्स में, उत्तर प्रदेश के आदित्य सिंह राणा ने 12.433 स्कोर के साथ रजत पदक जीता। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ वर्मा ने वॉल्टिंग टेबल में 12.50 के स्कोर के साथ और हॉरिजेंटल बार में 11.833 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीते।  दूसरी ओर निशानेबाजी के महिला स्कीट फाइनल में उत्तर प्रदेश की अरीबा खान ने 45 अंक के साथ रजत पदक जीता।
    उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने  13 स्वर्ण, 20 रजत व 23 कांस्य सहित 56 पदक जीत चुके हैं और तालिका में 13वें स्थान पर है।
    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular