कुशाग्र के 139 रन की पारी से यॉर्कर क्रिकेट क्लब की 164 रनों से बड़ी जीत

कार्तिकेय सिंह ने 78 रन और समर्थ दीक्षित ने 69 रन की अर्धशतकीय पारी खेली

लखनऊ। पार्थ ग्राउंड पर मंगलवार को खेले गए 21वें बाबू बनारसी दास (बीबीडी) लीग के डिवीजन-ए मुकाबले में यॉर्कर क्रिकेट क्लब ने एलडीएसीसी को 164 रनों से पराजित किया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यॉर्कर क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में 7 विकेट खोकर 362 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कुशाग्र मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 गेंदों पर 139 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसमें 19 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा कार्तिकेय सिंह ने 78 रन और समर्थ दीक्षित ने 69 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। एलडीएसीसी की तरफ से रोहित द्विवेदी ने सबसे अधिक 4 विकेट झटके।

363 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलडीएसीसी की टीम दबाव में नजर आई और 29.4 ओवरों में मात्र 198 रनों पर ऑलआउट हो गई। LDACC के लिए प्रियांशु आनंद ने सर्वाधिक 53 रनों की पारी खेली, जबकि मोहम्मद अल्ताफ ने 30 रन बनाए। यॉर्कर क्रिकेट क्लब के गेंदबाज विकास यादव ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, वहीं जैनुद्दीन को 2 सफलताएं मिलीं। कुशाग्र मिश्रा को उनके शानदार शतक के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

Related Articles

Back to top button