Tuesday, June 3, 2025
More

    लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़ व मेरठ मंडल सेमीफाइनल में

    • प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता

    लखनऊ,खेल संवाददाता। लखनऊ मंडल ने प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में दमदार खेल के सहारे सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया। दूसरी ओर गोरखपुर मंडल, आजमगढ़ मंडल व मेरठ मंडल भी अपने-अपने क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ अंतिम चार में पहुंच गए।

    उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल मे आयोजित प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल ने अयोध्या मंडल को 26-18 से हराया।

    लखनऊ की जीत में प्रवेश ने सर्वाधिक 6 गोल दागे। उनका साथ देते हुए कृष ने 5 गोल किए। शुभम सिंह व अंकित को 4-4 गोल करने में सफलता मिली। दूसरी ओर अयोध्या मंडल से शुभम ने 9 गोल किए।

    पहले क्वार्टर फाइनल में आजमगढ़ मंडल ने बस्ती मंडल को 20-17 से शिकस्त दी। आजमगढ़ की ओर से दिव्यांश ने अकेले 6 गोल जबकि मनीष व अभिषेक ने 4-4 गोल किए। बस्ती से गणेश ने सर्वाधिक 5 गोल किए।

    दूसरे क्वार्टर फाइनल में गोरखपुर मंडल ने वाराणसी मंडल के खिलाफ 20-16 से जीत दर्ज की। गोरखपुर की जीत में मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर मनीष ने 7 गोल किए।

    चौथे क्वार्टर फाइनल में मेरठ मंडल ने अमेठी हास्टल को रोमांचक मैच में 28-25 से शिकस्त दी। मेरठ की जीत में मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर कुणाल ने आठ गोल दागे।

    प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मेरठ मंडल बनाम आजमगढ़ मंडल और दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल बनाम गोरखपुर मंडल के बीच टक्कर होगी।

    प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह 12 मार्च को अपराह्नन 12:30 बजे आयोजित होगा जिसमें मुख्य अतिथि ओपी श्रीवास्तव (विधायक, लखनऊ पूर्वी विधानसभा) के करकमलों द्वारा विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular