Tuesday, August 19, 2025
More

    विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर विकास मंत्री ने की गोमती नदी घाट की सफाई

    लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस, गंगा दशहरा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्म दिवस पर नगर निगम द्वारा लखनऊ के छठ घाट लक्ष्मण मेला मैदान पर आयोजित बृहद जन जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत गोमती नदी के घाट की सफाई कर की।

    इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने आमजन से अपील की उन्हें पर्यावरण के संरक्षण तथा आने वाले पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए आगे आना होगा। सभी को पर्यावरण के संरक्षण के लिए पांच तत्वों जल, वायु, आकाश, पृथ्वी, अग्नि के संरक्षण का प्रयास करना होगा। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम पर वृहद पौधरोपण, गोमती नदी की सफाई और प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लिया गया और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

    एके शर्मा ने आने वाले पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण के लिए प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की
    नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस 2025 वैश्विक स्तर पर ’प्लास्टिक प्रदूषण का अंत’ थीम के साथ विश्व भर में मनाया जा रहा। प्लास्टिक प्रदूषण आज एक वैश्विक महामारी बन चुकी है, जो कि पृथ्वी के सभी जीवों के लिए हानिकारक है, चाहे जलीय जीव हो,मनुष्य या पशु हो, सभी के जीवन के लिए प्लास्टिक खतरा बन चुकी है। ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज का संकट पूरे विश्व में मंडरा रहा है।

    पर्यावरण को संरक्षित कर जीवन में आने वाले खतरे को टाला जा सकता है। प्रधानमंत्री जी ने कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए हरित ऊर्जा एवं सौर ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ाने पर बल दिया है। अयोध्या की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 30 प्रतिशत सौर ऊर्जा का उपयोग किया जा रहा। अयोध्या को मॉडल सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया। प्रदेश के अन्य नगर निगमो को भी सोलर सिटी के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा। उन्होंने खाली स्थानो पर सोलर प्लांट लगाने का भी सुझाव दिया।

    विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर विकास मंत्री शर्मा ने एक पेड़ मां के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण का संदेश दिया।लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने बट वृक्ष का पौधा रोपित किया, नगर आयुक्त एवं अपर नगर आयुक्त ने भी छठ घाट पर एक दर्जन से ज्यादा पौधों का रोपण किया। उन्होंने नगर की साफ सफाई एवं कूड़ा उठाने के लिए आधा दर्जन से ज्यादा कूड़ा उठान गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
    नगर विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री जी के जन्मदिवस पर सुबह उनसे मिलकर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी।

    आदि गंगा गोमती की सफाई का कार्य लगातार चलता रहेगा : महापौर सुषमा खर्कवाल
    इस अवसर पर लखनऊ नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत आज नगर निगम के कार्मिकों द्वारा गोमती नदी की सफाई की गई। जलकुंभी के कारण जलीय जीवन और पर्यावरण को काफी नुकसान हो रहा था। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ, साफ सुथरा वातावरण मिले, जलीय जीव सुरक्षित और संरक्षित रहे, इसके लिए आदि गंगा गोमती की सफाई का कार्य लगातार चलता रहेगा।

    नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को गोमती नदी की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें गोमती बैराज से लेकर गुलाला घाट तक 8 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य किया गया। इस सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु पूरे क्षेत्र को 8 क्लस्टरों में विभाजित किया गया। इस सुव्यवस्थित क्लस्टर प्रणाली के माध्यम से गोमती की आठ किलोमीटर लंबी जलधारा की सफाई सफलतापूर्वक की गई, जिससे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम के तहत सभी 8 क्लस्टर में 20-20 पौधा लगाए गए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर 35 पौधा लगाए गए। वहीं पूरे शहर भर में इन पौधा को मिलाकर कुल 1000 हजार पौधा गुरुवार को पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए।

    इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के अन्य कार्मिक, समाजसेवी, हजारों की संख्या में नवयुवक, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular