लखनऊ। राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपए की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।
दूसरा दिन मेजबान खिलाड़ियों के लिए अच्छा नहीं रहा। जहां छठीं वरीय अंशुमान सिंह उलटफेर का शिकार हो गए जबकि चिन्मय, ऋषि यादव व वंश यादव की चुनौती हार के साथ समाप्त हो गई।
प्री क्वार्टर फाइनल में क्वालीफायर राजस्थान के अमित ने छठीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया और अपने सटीक शॉट से दबाव बनाते हुए 6-2, 6-3 से जीत दर्ज की। एक अन्य उलटफेर में हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने तीसरी वरीय पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी को थोड़े संघर्ष के बाद 6-4, 6-2 से पराजित किया।
हरियाणा के वंश नंदल ने यूपी के ऋषि यादव को 5-7, 6-4, 6-2 से हराया। पहले सेट में ऋषि यादव ने कड़ी चुनौती पेश की और बेहतरीन कोर्ट कवरेज के चलते जीत दर्ज की। हालांकि हरियाणवी खिलाड़ी ने बेहतर रणनीति का सहारा लिया और दूसरे व तीसरे सेट अपने नाम कर लिए। एक अन्य मैच में दूसरी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने यूपी के वंश यादव को 2-6, 6-3, 6-3 से हराया।
पुरुष एकल के दूसरे राउंड में शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने हरियाणा के हर्ष मलिक को 6-2, 6-3 से हराया। दूसरी ओर क्वालीफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने मेजबान क्वालीफायर खिलाड़ी चिन्मय देव चौहान को टाईब्रेक में 7-6(6), 6-2 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
इस टूर्नामेंट में पुरुष युगल के मुकाबलों की शुरुआत मंगलवार को हो गई। पहले राउंड में लव पहल व जसराज ने ऋषि यादव व राहुल यादव को 6-1, 4-6, 11-9 से, उपनिषद भारद्वाज व सौरभ सिंह ने फैजुर रहमान व सौरव यादव को 6-4, 7-6(3) से, वंश नंदल व मयंक शर्मा ने वैभव सिंह व दीपक यादव को 6-1, 6-4 से, पार्थ पाटिल व ए.ओहिल्यान ने यशार्थ व मनु को 6-2, 6-4 से और अमित व पार्थ सारथी शर्मा ने अनुरुद्ध कुमार व अनुज कुमार को 6-2, 5-2(12-10) से हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
दूसरी ओर स्वरुप अग्रवाल प्राइजमनी टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट में बालक अंडर-10 वर्ग का खिताब अव्यान जैन ने अव्यांश पाठक को 4-2 से हराकर जीता। उल्लेखनीय है कि इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख रुपये और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।




