Friday, October 24, 2025
More

    राष्ट्रीय खेलों: तीरंदाजी में यूपी के तीरंदाजों ने स्वर्ण और रजत पदक पर लगाया निशाना

    • 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 1 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक जीते 

    लखनऊ। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को पुरुष इंडियन राउंड तीरंदाजी में यूपी के तीरंदाजों ने स्वर्ण और रजत पदक पर निशाना साधा। इसके अलावा टीम इवेंट में भी उत्तर प्रदेश को रजत पदक मिला।

    उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने जानकारी दी कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ने कुल 1 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक जीते। इस शानदार प्रदर्शन के साथ अब तक उत्तर प्रदेश 7 स्वर्ण, 10 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीत चुका है और पदक तालिका में 12वें स्थान पर पहुंच गया है।

    देहरादून में आयोजित पुरुष इंडियन स्टाइल व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के मनीष ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल मुकाबले में अपने ही राज्य के शुभम को हराया, जिन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस प्रतियोगिता में मणिपुर के चिंगाखम नेल्सन सिंह ने कांस्य पदक जीता।

    इसके बाद पुरुष इंडियन राउंड तीरंदाजी टीम इवेंट में उत्तर प्रदेश के शुभम, मनीष, जयदीप कुशवाहा और अभिषेक की टीम ने रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता में हरियाणा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र को कांस्य पदक मिला।

    बॉक्सिंग और ताइक्वांडो में भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा

    पिथौरागढ़ में आयोजित बॉक्सिंग स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की सोनिया ने महिला बैंटम वेट (54 किग्रा) वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्हें मध्य प्रदेश की दिव्या पंवार ने 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीतने से रोक दिया।

    वहीं, ताइक्वांडो के क्योरगी इवेंट में पुरुष अंडर 68 किग्रा भार वर्ग में उत्तर प्रदेश के विनीत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।

     

    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular