- कचरा प्रबंधन में महिलाओं की अहम् भूमिका : अनुज झा
लखनऊ । प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में महिलाएं समाज के सभी क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही, चाहे वह शिक्षा, स्वास्थ्य, शासन, प्रशासन या नगरीय प्रशासन हो। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमो से महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिला है। साथ ही नगरीय समस्याओं के समाधान और कचरा प्रबंधन में भी मदद मिली है।
प्रदेश के नगरीय निकायों की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के लिए क्षमता संवर्धन कार्यशाला की शुरुआत कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और मुस्लिम वक्फ विभाग मोनिका एस. गर्ग ने की। इस दौरान प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की शासन-प्रशासन की राजनीति में भागीदारी से देश के विकास को गति मिली है।
जब महिलाएं निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होती हैं, तो नीतियों में अधिक समावेशिता, सामाजिक न्याय और संवेदनशीलता आती है। महिलाओं के मुद्दे, जिसमें कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और लैंगिक समानता को प्राथमिकता मिलती है और इससे समाज के लिए बेहतर नीतियों का निर्माण होता है। महिलाओं की भागीदारी से प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है।
महिला नेतृत्व अन्य महिलाओं को आगे आने और अपनी आवाज को उठाने के लिए प्रेरित करता है। महिलाओं के सशक्तिकरण से श्रम शक्ति में वृद्धि होती है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। इस कार्यशाला में प्रदेश की निकायों से आयी महिला जनप्रतिनिधियों और प्रशिक्षकों को देखने से इस बात को बल मिल रहा है। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम के दौरान महिला जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों व अन्य प्रतिभागियों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मनित किया।
नगरीय निकाय निदेशालय के स्वाति सभागार में शुक्रवार को आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यशाला में सचिव/निदेशक एवं राज्य मिशन निदेशक अनुज कुमार झा ने मुख्य अथिति मोनिका एस. गर्ग का स्वागत किया और उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यशाला प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत सारी योजनाओं और परियोजनों के संचालन में महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग ले रही हैं।
समाज में बदलाव के लिए महिलाओं को बराबर का सम्मान देना चाहिए। शिक्षा हो या रोजगार दोनों ही क्षेत्रों में उनका सशक्तिकरण प्रदेश के विकास को नया आयाम देगा। कार्यशाला में अपर निदेशक ऋतु सुहास, अपर निदेशक (प/क) डॉ असलम अंसारी, उपनिदेशक विजेता, सहायक निदेशक गिरीश द्विवेदी, सविता शुक्ला, निकायों के अधिशाषी अधिकारी, पालिका/पंचायतों की 25 महिला जनप्रतिनिधि, लखनऊ नगर निगम की ब्रांड अम्बेडकर पूजा विश्वकर्मा, सफाई कर्मी साथ ही अन्य निकायों के अध्यक्षो ने वर्चुअली प्रतिभाग किया।