Monday, June 16, 2025
More

    भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम ने स्वर्ण पदक के साथ मिला आईएचएफ ट्राफी कांटिनेंटल फेज का टिकट

    लखनऊ। भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ढाका (बांग्लादेश) में गत 13 से 17 मई तक आयोजित आईएचएफ ट्राफी महिला यूथ व जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप में मेजबान बांग्लादेश को 48-17 गोल से हराकर स्वर्ण पदक जीतते हुए खिताब पर कब्जा बरकरार रखा।

    इस सफलता के साथ भारतीय जूनियर महिला हैंडबॉल टीम ने आगामी महिला आईएचएफ ट्राफी एशिया कांटिनेंटल फेज चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। दूसरी ओर भारत की यूथ महिला टीम इस चैंपियनशिप में उपविजेता रही।

    भारतीय जूनियर महिला टीम से खेलते हुए उत्तर प्रदेश की आराधना त्रिपाठी व समृद्धि सिंह सहित भारतीय यूथ महिला टीम से शिवानी भारती ने खेलते हुए उम्दा खेल का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम की सफलता पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता इस बात का प्रतीक है कि भारत हैंडबॉल में लगातार दमदार प्रदर्शन से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ रहा है।

    उन्होंने बताया कि भारत की जूनियर टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा बरकरार रखा। भारतीय टीम अब महिला आईएचएफ ट्राफी एशिया कांटिनेंटल फेज चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी। दूसरी ओर भारतीय यूथ टीम को कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

    डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने इस सफलता के लिए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भारतीय यूथ महिला हैंडबॉल टीम के कोच उत्तर प्रदेश के मो.तौहीद व भारतीय जूनियर महिला टीम के कोच परमेंद्र सिंह की भी सराहना की।

    दूसरी ओर हैंडबाल एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष ए.जगनमोहन राव व महासचिव डा.तेजराज सिंह सहित ने बधाई देते हुए कहा कि गत वर्ष आयोजित चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में भारतीय जूनियर महिला टीम और भारतीय यूथ महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीते थे।

    इस चैंपियनशिप में जूनियर वर्ग  के फाइनल में भारतीय लड़कियो ने बांग्लादेश को 48-17 गोल से हराया। भारत की ओर से गुलशन शर्मा ने सर्वाधिक 12 गोल व गरिमा ने ने 10 गोल दागने में सफलता हासिल की। समृद्धि सिंह ने 6, संजना कुमारी व बबिता शर्मा ने 4-4 जबकि कृतिका ठाकुर, प्रीति, प्रिया ने 3-3 एवं आराधना त्रिपाठी ने दो गोल दागे। भारतीय टीम हॉफ टाइम तक 22-05 गोल से आगे थी। बांग्लादेश से संजीदा अख्तर ने 7, श्यामोली मिंग ने पांच गोल किये।

    दूसरी ओर यूथ चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को रोमांचक मुकाबले में 46-43 गोल से हराया। भारतीय लड़कियों ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और हॉफ टाइम तक दोनों ही टीमें 20-20 से बराबरी पर थी लेकिन दूसरे हॉफ में भारतीय लड़कियां पिछड़ गई। बांग्लादेश से  एम.अख्तरनंजना ने 20, रूना लायला ने 19 और मारिफ ने 15 गोल दागने में सफलता हासिल की। भारत की ओर से खुशी ने सर्वाधिक 20 गोल दागे। रेणुका ने 16 गोल किए। काफी ने 6, टीना ने 3 जबकि स्वाति, प्रदन्या व अनिका ने दो-दो गोल किए।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular