लखनऊ । मैन ऑफ द मैच जमाल काजिम (108) के शतक से हिमालयन क्लब ने द्वितीय श्री राजेश सिंह मेमोरियल नाइट कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 19 रन से हराया।
पार्थ रिपब्लिक ग्राउंड पर गुरुवार रात खेले गए मैच में हिमालयन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन का विशाल स्कोर बनाया। जमाल काजिम ने 57 गेंदों पर 10 चौके व 5 छक्के से 108 रन की आतिशी शतकीय पारी खेली। करुणेश उपाध्याय ने 46 व अजीम रहमान ने नाबाद 24 रन का योगदान किया।
टीसीसी से मयंक वर्मा को दो विकेट मिले। जवाब में टीसीसी लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर 184 रन ही बना सका और जीत से 19 रन दूर रह गया। टीम से मयंक वर्मा (54) ने अर्धशतक जड़ा जबकि देवेश ने 30 व आदिल पाशा ने 25 रन जोड़े। हिमालयन क्लब से अनिल लाल, राजेंद्र कुमार व मुन्ना भाई ने दो-दो विकेट हासिल किए।

