Friday, July 18, 2025
More

    मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग का मार्केटिंग कार्यालय का हुआ उद्घाटन

    उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की कल्चरल एवं स्प्रीचुएल समृद्धता पर्यटन के  दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण

    लखनऊ। पर्यटन की अपार संभावनाएं को लेकर गोमती होटल में मध्य प्रदेश की टूरिज्म विभाग के मार्केटिंग ऑफिस का उदघाटन किया गया।
    इस अवसर पर मध्य प्रदेश पर्यटन, संस्कृति, धर्मन्यास तथा धर्मस्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने कहा कि लखनऊ में मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग का ऑफिस खुलना एक सुखद अनुभव है। मध्य प्रदेश देश का हृदय है जबकि उत्तर प्रदेश राष्ट्र की आत्मा। दोनों ही प्रदेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, भौगोलिक, भाषा, वेशभूषा, खान-पान एवं रहन-सहन के दृष्टिकोण से दो सगे भाईयों जैसे हैं।
    सुश्री ठाकुर ने कहा कि मध्य प्रदेश में महाकाल, ओंकारेश्वर, दतिया शक्तिपीठ के साथ-साथ टाइगर व घड़ियालो के लिये प्रसिद्ध है। यहां पर बड़ी संख्या में प्राकृतिक स्थल भी मौजूद हैं। जहां पर लोग पर्यटन की दृष्टि से आ सकते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों से मध्य प्रदेश आने और पर्यटन का लुफ्त उठाने का आह्वान किया है।
    उन्होंने कहा कि ओरछा में एक तरफ जहां राजा राम के दर्शन, वहीं चित्रकूट में वनवासी राम के दर्शन किये जा सकते हैं। चित्रकूट में भगवान राम ने माता सीता एवं छोटे भाई लक्ष्मण के साथ वास किया था। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे स्थलों को दोनों प्रदेश एक सर्किट के रूप में विकसित करें तो लोगों के पर्यटन की दृष्टि से यह काफी महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
    इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने  कहा कि लखनऊ की धरती पर कार्यालय खोलने से दोनों ही प्रदेशों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दोनों प्रदेशों में आत्मियता भी बढ़ेगी और सांस्कृतिक एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
    मध्य प्रदेश के टूरिज्म विभाग उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि टूरिज्म मार्केटिंग कार्यालय खुलने से दोनों प्रदेश के बीच की दूरियां और कम होंगी।  मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश के वासियों का स्वागत एवं सत्कार किया जायेगा। जहा पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
    कार्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों से सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित करना है। इस कार्यालय के माध्यम से सूचनाएं देना, लोगों की मदद करना, बुकिंग में सहायता देना इत्यादि काम किये जाएंगे। जिसका लाभ दोनों  प्रदेश के लोगों को मिलेगा।
    उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा कि दोनों ही प्रदेशों के मध्य कैसे सांझेदारी बढ़े इसके लिए हम प्रयासरत हैं। इसके लिए हम सर्किट का निर्माण कर सकते हैं जो पर्यटन के लिहाज से बेहतर होगा।
    उन्होंने कहा कि जब भी टूरिस्ट कहीं जाते हैं तो वहां की भौगोलिका विशेषता के साथ-साथ वहां की कल्चरल भाषायी, रहन-सहन से रूबरू होते हैं और उसे आत्मसात कर वापस लौटते हैं और अपने लोगों के बीच में उसको सुनाते हैं। इस तरह से टूरिस्ट एक ब्रांड अम्बेस्डर की भूमिका निभाता है।
    इस अवसर पर मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के मैनेजिंग डायरेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, उत्तर प्रदेश टूरिज्म विभाग के एमडी अवनीश पाण्डेय सहित दोनों ही प्रदेशों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular