सीएमएस शिक्षिकाओं ने नेशनल टीचिंग कोशेन्ट प्रतियोगिता में लहराया परचम

लखनऊ। सिटी मांटेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस की पाँच शिक्षिकाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सेन्टा टीचिंग कोशेन्ट टेस्ट (सेन्टा टीक्यू) में अपनी शिक्षण प्रतिभा व प्रोफेशनल कौशल का परचम लहराकर लखनऊ का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता सेन्टर फॉर टीचर एक्रिडिटेशन (सेन्टा) के तत्वावधान में आयोजित हुई।

इसमें देश भर के हजारों विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागी शिक्षकों को तीन मुख्य मानकों सब्जेक्ट एक्सपर्टाइज, क्लासरूम कम्युनिकेशन एवं एलीमेन्ट्स ऑफ वर्बल कम्युनिकेशन पर आँका गया। यह जानकारी सीएमएस के जन-सम्पर्क अधिकारी ऋषि खन्ना ने दी।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीएमएस गोमती नगर प्रथम कैम्पस की शिक्षिका वर्षा सिन्हा ने मिडिल स्कूल साइंस, रिम्मी कोहली ने अर्ली चाइल्डहुड, शिवांगी मित्तल ने प्राइमरी मैथ्स, अनामिका श्रीवास्तव ने प्राइमरी मैथ्स एवं प्रियांशा चन्द्रा ने मिडिल स्कूल मैथमेटिक्स में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन कर शिक्षण प्रतिभा का परचम लहराया।

सीएमएस प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इन सभी शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी है। सेंटा टीचिंग टेस्ट अपने आप में देश भर के शिक्षकों के लिए शिक्षण उत्कृष्टता का प्रमाण है, जिसे पूरे देश में सराहा जाता है।

सेन्टा टीचिंग कोशेन्ट टेस्ट का उद्देश्य शिक्षकों की शिक्षणेतर प्रतिभा एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित एवं उत्प्रेरित करना है। इस अनूठी प्रतियोगिता में विषयवार ज्ञान, अनुभव एवं उच्च शैक्षणिक मानकों के आधार पर शिक्षकों का चयन किया जाता है।

Back to top button