Thursday, October 23, 2025
More

    पेरिस से लौटने पर विनेश फोगाट का हुआ भव्य स्वागत

    नयी दिल्ली। पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में पहुंचने के बावजूद अधिक वजन होने के कारण पदक नहीं जीत पाने वाली भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट का शनिवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

    बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा पंचायत नेता भी विनेश का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। विनेश फूल मालाओं से लदी थी। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का आभार व्यक्त किया।

    विनेश ने हाथ जोड़कर कहा, मैं पूरे देश का आभार व्यक्त करती हूं। यह विशाल काफिला विनेश के साथ हरियाणा के बलाली गांव तक जाएगा। विनेश के आगमन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पेरिस ओलंपिक में फाइनल से पहले किए गए वजन में उनका वजन 100 ग्राम अधिक निकला था जिसके कारण उन्हें अयोज्ञ घोषित कर दिया गया था।

    विनेश ने संयुक्त रूप से रजत पदक दिलाने के लिए खेल पंचाट में अपील की थी जिसके कारण वह पेरिस में रुकी रही। खेल पंचाट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था। लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज और पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल के नेता गगन नारंग ने विनेश को चैंपियन करार दिया। यह दोनों एक ही उड़ान से दिल्ली पहुंचे थे।

    नारंग ने पेरिस हवाई अड्डे पर विनेश के साथ खींची गई तस्वीर को एक्स पर पोस्ट किया।
    नारंग ने लिखा, वह खेल गांव में पहले दिन चैंपियन के रूप में पहुंची थी और वह हमेशा हमारी चैंपियन रहेगी। कुछ अवसरों पर करोड़ों लोगों को प्रेरित करने के लिए ओलंपिक पदक की जरूरत नहीं पड़ती।

    विनेश फोगाट आपने लोगों को प्रेरित किया है। आपके जज्बे को सलाम। विनेश के भाई हरविंदर फोगाट ने कहा, विनेश स्वदेश लौट रही है। लोग यहां हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। लोग हमारे गांव में भी उनका स्वागत करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। लोग उनसे मिलने को लेकर उत्साहित हैं।

    Raghuveer Sharma
    Raghuveer Sharmahttps://www.morningpoint.in/
    Raghuveer Sharma 6 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। जहां उन्होंने मीडिया मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया, डिजिटल क्रिएटर, कंटेंट राइटिंग समेत कई सेक्शन में काम किया। उन्हें राजनीति, क्राइम, मनोरंजन, खेल और नौकरी से जुड़ी खबरों में रुचि हैं।
    RELATED ARTICLES

    Most Popular