लखनऊ।अफसर सिद्दीकी के धमाकेदार शतक (101 रन) की बदौलत कॅरियर लायंस ने तृतीय अधीर दुबे स्मारक टी-20 टूर्नामेंट में स्मैश क्लब को 79 रनों से मात दी। पंडित रास बिहारी तिवारी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कॅरियर लायंस ने 2 विकेट पर 200 रन बनाए। अफसर ने 63 गेंदों में 6 चौके और 8 छक्के लगाकर शानदार पारी खेली।
उनके साथी डॉ. मुस्तफा नदीम ने 44 गेंदों में 63 रन बनाकर अहम योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की। स्मैश क्लब की टीम 7 विकेट पर 121 रन ही बना सकी। गोल्डी सिंह ने 61 रन बनाए, जबकि कॅरियर लायंस के पुनीत वाधवानी ने 4 विकेट चटकाए।
दूसरा मुकाबला: तारिक क्लब ने 24 रनों से जीता
दूसरे मैच में जसविंदर सिंह की 51 रनों की तेजतर्रार पारी के दम पर तारिक क्रिकेट क्लब ने लाइव टी एक्सप्रेस को 24 रनों से हराया। तारिक क्लब ने 8 विकेट पर 181 रन बनाए, जिसमें जसविंदर के 27 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
जवाब में लाइव टी एक्सप्रेस 157 रन पर सिमट गई। साकेत मिश्रा ने 59 रन बनाए। तारिक क्लब के अमित पाठक, तारिक और डॉ. अरुण ने 2-2 विकेट झटके।
ये भी पढ़ें : तृतीय अधीर दुबे टी-20 क्रिकेट : क्रिकेट बड्डीज की पांच विकेट से जीत





