Friday, February 27, 2026
More

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय कमला बहुगुणा की प्रतिमा का अनावरण किया

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कमला बहुगुणा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, न्यायमूर्ति गौतम चौधरी, और सतुआ बाबा भी उपस्थित थे।

    मुख्यमंत्री योगी ने स्व. कमला बहुगुणा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से ही स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। आठ वर्ष की आयु में ब्रिटिश शासन के खिलाफ वंदेमातरम गाते हुए उन्हें पिटाई का सामना करना पड़ा था। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जेल भी गईं। मुख्यमंत्री ने उन्हें एक स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, और संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में याद किया।

    योगी आदित्यनाथ ने यह भी बताया कि 1954 में महापर्व के लिए शिविर की शुरुआत स्वर्गीय कमला बहुगुणा ने की थी, जो आज डॉ. रीता बहुगुणा जोशी द्वारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्वर्गीय कमला बहुगुणा के देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।

    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि हमेशा वोट की राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। उन्होंने महाकुंभ को अंतरराष्ट्रीय मेला बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। कार्यक्रम में स्वर्गीय कमला बहुगुणा के पुत्र शेखर बहुगुणा और पुत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular